एफडीए की कार्रवाई, राज्यभर में 54.66 लाख रुपये की करीब 38 टन खाद्य सामग्री जब्त,होटल और खाद्य प्रतिष्ठान भी जांच के दायरे में
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 25 अक्टूबर। महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मुंबई में दूध बिक्री केंद्रों और डेयरियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 564 लीटर संदिग्ध मिलावटी दूध जब्त कर नष्ट किया। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर सात खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए। वहीं, राज्यभर में खराब गुणवत्ता और गलत लेबलिंग वाले 37,991.4 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 54.66 लाख रुपये है।
डेयरियों और दूध केंद्रों पर कार्रवाई
एफडीए के अनुसार, गोपनीय सूचना के आधार पर मुंबई के विभिन्न इलाकों में निरीक्षण किया गया। गोवंडी स्थित साईनाथ डेयरी एवं फरसन मार्ट से 45 लीटर और मानखुर्द की महाराणा डेयरी से 40 लीटर संदिग्ध दूध जब्त कर नष्ट किया गया। दोनों जगह से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
एंटॉप हिल के सागर मिल्क सेंटर से 250 लीटर, धारावी की शक्ति डेयरी से 31 लीटर कच्चा गाय का दूध और माहिम पश्चिम के राहुल मिल्क सेंटर से 198 लीटर दूध जब्त कर नष्ट किया गया। इन प्रतिष्ठानों में नियमों के उल्लंघन के चलते लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। मानखुर्द स्थित अगस्ती मिल्क एजेंसी के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है, जबकि गोवंडी पूर्व की यादव डेयरी बिना लाइसेंस संचालित होती मिली।
होटल और खाद्य प्रतिष्ठान भी जांच के दायरे में
एफडीए ने खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर मुंबई के सात प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए हैं। इनमें अंधेरी पश्चिम के ओटोमन कैफे, चाचा ईगल कुल्फी फालूदा, भारत कैंटीन और ग्रीन टर्टल हॉस्पिटैलिटी, भायखला का अतुल टिफिन, लोअर परेल का मुंबई दरबार फैमिली रेस्टोरेंट और सेवरी पश्चिम का पी.बी. एंटरप्राइजेज शामिल हैं।
निरीक्षण में गंदे रसोईघर, खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण, बिना अनुमति वाले खाद्य रंगों के इस्तेमाल और कर्मचारियों के पास मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं होने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इसके अलावा, 22 अक्टूबर को ग्रेटर मुंबई में चलाए गए अभियान में 4.22 लाख रुपये के प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ जब्त किए गए और सात नमूने जांच के लिए लिए गए। इस मामले में 23 अक्टूबर को जे.जे. मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया गया।
राज्यभर में करीब 38 टन खाद्य सामग्री जब्त
एफडीए ने राज्यभर में खराब गुणवत्ता और गलत लेबलिंग वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाकर कुल 37,991.4 किलोग्राम सामग्री जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत 54.66 लाख रुपये बताई गई है।
कोंकण क्षेत्र में नवी मुंबई स्थित एम. आरडीसी एग्रो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिष्ठान से 33,286 किलोग्राम राजमा और दालें जब्त की गईं। इनमें 10,998 किलोग्राम लाल राजमा और 22,288 किलोग्राम बुलेट दाल राजमा शामिल हैं। इनकी कीमत 50.04 लाख रुपये बताई गई है। नासिक और छत्रपति संभाजीनगर विभागों में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लेबलिंग में अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई की गई।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।