चंद्रपुर जिले की सिंदेवाही तहसील में खेतों में फसल काटने गए दो लोगों की बाघ के हमले में जान चली गई। लगातार घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है।
राहुल गुप्ता
चंद्रपुर, 26 अक्टूबर। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष गंभीर होता जा रहा है। सिंदेवाही तहसील में महज दो दिनों के भीतर बाघ के हमले में एक किसान और एक महिला की मौत हो गई। शनिवार को पलसगांव जाट में किसान नानाजी कामडी (55) की जान गई, जबकि रविवार को खातगांव के खेत क्षेत्र में तिल की फसल काटने गईं भेंडाला निवासी आंगनवाड़ी सेविका प्रेमिला पुंडलिक महाडोरे (50) बाघ का शिकार बन गईं। लगातार दो मौतों से किसानों, खेत मजदूरों और जंगल से सटे गांवों में भय का माहौल है।
खेत में काम करते समय किसान पर हमला
सिंदेवाही वन क्षेत्र के पलसगांव जाट निवासी नानाजी कामडी शनिवार को तिल की फसल काटने खेत गए थे। इसी दौरान बाघ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खेत में तलाश की, जहां उनका शव मिला। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पंचनामा करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दूसरे दिन महिला की भी गई जान
पहली घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था। इसी बीच रविवार को खातगांव के खेत क्षेत्र में दूसरी घटना सामने आई। भेंडाला निवासी आंगनवाड़ी सेविका प्रेमिला पुंडलिक महाडोरे की छुट्टी होने के कारण वह सुबह तिल की फसल काटने खेत गई थीं। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह मृत मिलीं। बाघ के हमले में उनकी मौत होने की सूचना वन विभाग को दी गई।
इस साल वन्यजीव हमलों में 35 मौतें
चंद्रपुर जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। खबर के मुताबिक, पिछले साल बाघ के हमलों में 47 लोगों की मौत हुई थी, जबकि इस साल अब तक वन्यजीवों के हमलों में 35 लोगों की जान जा चुकी है।
वन विभाग की गश्त बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही घटनाओं के बाद जंगल से सटे गांवों के लोगों ने खेतों में काम करने वालों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों ने संवेदनशील इलाकों में वन विभाग की गश्त बढ़ाने, लोगों को सतर्कता संबंधी निर्देश देने और मानव-बाघ संघर्ष रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।