मुंबई : मुंबई-सावंतवाड़ी रोड के बीच शुरू होगी दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन

कोंकण यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग होगी पूरी, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

मुंबई। मध्य रेल ने कोंकण क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और सावंतवाड़ी रोड के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की मौजूदगी में 3 सितंबर को दोपहर 12.50 बजे सीएसएमटी से उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी।

21 स्टेशनों पर ठहराव

उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 01001 दोपहर 12.50 बजे सीएसएमटी से रवाना होकर अगले दिन रात 2 बजे सावंतवाड़ी रोड पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव दादर, ठाणे, पनवेल, पेन, रोहा, मानगांव, वीर, खेड, चिपलूण, सावरदा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अडावली, वालिवडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नांदगांव रोड, कंकावली, सिंधुदुर्ग और कुडाल में होगा।

Advertisement

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा लाभ

नई दैनिक सेवा से मुंबई से कंकावली, कुडाल, सावंतवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। नियमित ट्रेन सेवा से व्यापारियों और पर्यटकों को भी लाभ होगा। सावंतवाड़ी, आंबोली, तारकर्ली और गोवा सीमा क्षेत्र के पर्यटन को इससे विशेष रूप से बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

अन्य ट्रेनों में भी कम होगी भीड़

रात्रिकालीन यात्रा की सुविधा देने वाली यह ट्रेन यात्रियों के लिए सुविधाजनक समय उपलब्ध कराएगी। साथ ही, एलटीटी और दादर से कोंकण की ओर चलने वाली अन्य ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कम करने में भी मदद मिलेगी।

16 कोच की संरचना

ट्रेन में एक एसी फर्स्ट क्लास, दो एसी 2-टियर, तीन एसी 3-टियर, चार शयनयान, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, एक सेकंड सीटिंग सह गार्ड्स ब्रेक वैन और एक जनरेटर वैन शामिल होंगे। ट्रेन की नियमित सेवा का समय-सारणी और अन्य विवरण मध्य रेल की ओर से बाद में अधिसूचित किया जाएगा।

मध्य रेल के अनुसार, सीएसएमटी-सावंतवाड़ी रोड दैनिक एक्सप्रेस कोंकण क्षेत्र के रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास के साथ-साथ पर्यटन को भी गति मिलने की उम्मीद है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh