गणेशोत्सव मंडलों के स्वयंसेवकों को मिलेगा आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण

हर मंडल के 8 से 10 स्वयंसेवकों को दिया जाएगा एक दिवसीय प्रशिक्षण

रीमा सिंह

मुंबई। मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने महत्वपूर्ण पहल की है। महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से शहर के सार्वजनिक श्रीगणेशोत्सव मंडलों के स्वयंसेवकों को प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता (फर्स्ट रिस्पॉन्डर) आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक मंडल के कम से कम 8 से 10 स्वयंसेवकों को एक दिवसीय प्रशिक्षण मिलेगा।

भीड़ और आपात स्थिति से निपटने की ट्रेनिंग

प्रशिक्षण के दौरान गणेशोत्सव के दौरान उमड़ने वाली भीड़ का प्रबंधन, बिजली से होने वाले हादसे, आग लगने की स्थिति और स्वास्थ्य संबंधी आपात परिस्थितियों से निपटने के तरीके बताए जाएंगे। स्वयंसेवकों को प्राथमिक उपचार और सीपीआर का प्रशिक्षण भी व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से दिया जाएगा।

Advertisement

सभी 26 वार्डों में होगा आयोजन

बीएमसी के सभी 26 प्रशासनिक वार्डों में यह प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित वार्ड कार्यालय सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों के साथ समन्वय करेगा। मंडलों के स्वयंसेवकों को यह भी बताया जाएगा कि मंडप और आसपास अधिक भीड़ होने पर दुर्घटना रोकने के लिए क्या सावधानियां बरतनी चाहिए।

प्रसाद वितरण में भी बरतनी होगी सावधानी

प्रशिक्षण में प्रसाद वितरण के दौरान आवश्यक सावधानियों, भीड़ नियंत्रण और किसी आपात स्थिति में तत्काल की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। बीएमसी के अनुसार, आपदा प्रबंधन में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में यह प्रशिक्षण अहम साबित होगा।

पर्यावरण अनुकूल गणेशोत्सव पर भी जोर

बीएमसी इस वर्ष गणेशोत्सव को अधिक से अधिक पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाने के लिए भी योजना बना रही है। मुंबई का गणेशोत्सव महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देशभर में प्रसिद्ध है। लाखों श्रद्धालु और पर्यटक उत्सव के दौरान मुंबई पहुंचते हैं। सार्वजनिक मंडलों के आकर्षक पंडाल और झांकियां देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं, जिससे कई स्थानों पर भारी भीड़ होती है।

अग्निशमन दल और एनडीआरएफ देंगे मार्गदर्शन

प्रशिक्षण में बीएमसी आपदा प्रबंधन विभाग, मुंबई अग्निशमन दल, बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन विभाग, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और पुलिस विभाग के अधिकारी मार्गदर्शन करेंगे। बीएमसी प्रशासन ने मुंबई के सभी सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों से इस प्रशिक्षण में शामिल होने की अपील की है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh