न्यूज़म ब्यूरो
भुसावल , 2 सितंबर।
चलती ट्रेन में दीपक जलाकर पूजा करने की एक और घटना सामने आई है। भारतीय रेलवे ने बताया कि 31 अगस्त को हजरत निजामुद्दीन-मैसूर एक्सप्रेस में पूजा के दौरान दीया जलाने वाले 55 वर्षीय यात्री के खिलाफ कार्रवाई की गई। रेलवे के अनुसार, आरोपी यात्री को भुसावल स्टेशन पर ही ट्रेन से उतार दिया गया। आरोप है कि टीटीई के मना करने के बावजूद यात्री पूजा पूरी करने की जिद पर अड़ा रहा। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
जला रखा था दीपक
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 31 अगस्त को हजरत निजामुद्दीन-मैसूर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12782) में हुई। सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने कोच ए-1 में एक टिकट जांच कर्मचारी को भेजा। वहां उसने पाया कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी गरीब नाम के यात्री ने बर्थ नंबर 17 पर दीपक जला रखा था।
भुसावल स्टेशन पर ही उतारा
मध्य रेलवे की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, यात्री के पास से एक माचिस, पीतल का दीपक और एक स्टील का डिब्बा बरामद किया गया। इसके बाद कार्रवाई के लिए यात्री को भुसावल स्टेशन पर ही ट्रेन से उतार लिया गया।
दीपक बुझाने को कहा, पूजा करने की जिद पर अड़ा रहा
रेलवे के अनुसार, टीटीई ने यात्री से दीपक बुझाने के लिए कहा और समझाया कि इससे आग लग सकती है, जिससे यात्रियों और रेलवे की संपत्ति को खतरा हो सकता है। हालांकि, आरोप है कि यात्री दीपक बुझाने से पहले अपनी पूजा पूरी करने की जिद पर अड़ा रहा।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
मध्य रेलवे ने बताया कि पूरी घटना को टीटीई ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया। यात्री के खिलाफ मंगलवार को रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 153 और 145(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(सी) के तहत नोटिस देकर रिहा कर दिया गया।
क्या हो सकती है सजा?
रेल अधिनियम की धारा 153 के तहत यात्रियों की जान को खतरे में डालने वाले कृत्यों के लिए दोषी पाए जाने पर 5 साल तक की जेल की सजा का प्रावधान है। वहीं, धारा 145(बी) ज्वलनशील पदार्थ ले जाने या उसका इस्तेमाल करने से संबंधित है। इस धारा के तहत रेलवे परिसर से हटाए जाने, 5,000 रुपये के जुर्माने और कुछ परिस्थितियों में 5 साल तक की कैद का प्रावधान है।
पहले भी वायरल हुआ था ऐसा वीडियो
चलती ट्रेन में दीपक जलाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले जुलाई में भी ऐसा ही एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक शख्स अपनी बर्थ पर दीपक और अगरबत्ती जलाकर पूजा करता नजर आया था। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति उसे ऐसा करने से रोकता दिखाई दिया था। वह शख्स आरोपी से कह रहा था कि ऐसा करके वह तमाम यात्रियों की जान को खतरे में डाल रहा है और आग लगने पर बड़ा हादसा हो सकता है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।