
पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ हुआ अतिक्रमण मुक्त
रीमा सिंह
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने ‘पैदल यात्री प्रथम’ अभियान के तहत भायखला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 15 अनधिकृत स्टॉल हटाए। इनमें मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन (पूर्व) से नायर अस्पताल की ओर जाने वाले मार्ग के फुटपाथ पर बाधा बन रहे 13 तथा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग पर स्थित दो स्टॉल शामिल हैं।
इसके अलावा मुंबई सेंट्रल स्टेशन (पूर्व) के पास नायर अस्पताल की ओर जाने वाले मार्ग पर 27 स्टॉल संचालकों द्वारा निर्धारित जगह से अधिक क्षेत्र में कब्जा किए जाने का मामला सामने आया। महानगरपालिका ने इन सभी को नोटिस जारी किया है।
260 मीटर फुटपाथ की मरम्मत
अभियान के तहत डॉ. आनंद राव नायर मार्ग पर नायर अस्पताल के पास करीब 260 मीटर लंबे फुटपाथ की मरम्मत और सुधार किया गया। फुटपाथ की औसत चौड़ाई 3.75 मीटर है, जिसमें से करीब 2.15 मीटर हिस्सा पैदल यात्रियों के लिए निर्बाध और लगातार आवागमन के लिए उपलब्ध कराया गया है।
नायर अस्पताल परिसर होने के कारण इस मार्ग का इस्तेमाल बड़ी संख्या में मरीजों, उनके परिजनों, अस्पताल कर्मचारियों और नागरिकों द्वारा किया जाता है। अतिक्रमण हटने से पैदल आवाजाही अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
21 पेड़ों के ट्री बेसिन की मरम्मत
मुंबई सेंट्रल स्टेशन (पूर्व) से नायर अस्पताल की ओर जाने वाले फुटपाथ पर स्थित 21 पेड़ों के आसपास बने ट्री बेसिन की मरम्मत की गई। साथ ही कुछ पेड़ों की शाखाओं की छंटाई भी की गई।
इसी तरह भायखला पूर्व रेलवे स्टेशन से डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मध्य रेलवे अस्पताल और वीरमाता जीजाबाई भोसले वनस्पति उद्यान एवं प्राणिसंग्रहालय की ओर जाने वाले डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग पर करीब 435 मीटर फुटपाथ का सुधार किया गया। यहां 3.25 मीटर चौड़े फुटपाथ में औसतन 1.50 मीटर हिस्सा पैदल चलने के लिए उपलब्ध कराया गया और दो अनधिकृत स्टॉल हटाए गए।
सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे के मार्गदर्शन में पूरे मुंबई में फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए ‘पैदल यात्री प्रथम’ अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई उप आयुक्त (परिमंडल-1) चंदा जाधव और सहायक आयुक्त आनंद कंकाल के नेतृत्व में की गई।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।