न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 2 सितंबर। बांद्रा रिक्लेमेशन इलाके में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार लग्जरी SUV की टक्कर से 19 वर्षीय डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। हादसे के बाद बांद्रा पुलिस ने SUV चालक 28 वर्षीय युवराज राजकुमार बहती को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किए जाने के बाद जमानत मिल गई।
मृतक की पहचान शुभम प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शुभम किराए के इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही SUV ने उसके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शुभम के सिर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही गश्त कर रहे पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल शुभम को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुभम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शुभम ने कथित तौर पर लेन बदलने की कोशिश की थी। इसी दौरान तेज गति से आ रही SUV के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की लापरवाही से मौत और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शुभम अपने परिवार की आर्थिक मदद के लिए मुंबई में डिलीवरी का काम करता था।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब मुंबई और आसपास के इलाकों में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले मुंबई से सटे ठाणे-भिवंडी रोड पर सड़क के गड्ढे के कारण फ्लैट देखने जा रहे एक दंपति का एक्सीडेंट हो गया था। उस दुर्घटना में पति की आंखों के सामने उसकी पत्नी की मौत हो गई थी।
पुलिस ने बांद्रा रिक्लेमेशन हादसे की आगे की जांच शुरू कर दी है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।