
18,818 ई-चालान जारी
रीमा सिंह
मुंबई, 7 सितंबर। दही हांडी उत्सव के दौरान जहां शहरभर में गोविंदा पथक हांडी फोड़ने में जुटे रहे, वहीं मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। शनिवार को ट्रैफिक पुलिस ने 18,818 ई-चालान जारी कर करीब 1.92 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया।
सीसीटीवी से भी हुई पहचान
ट्रैफिक पुलिस ने उत्सव के दौरान लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान की। इसके बाद संबंधित वाहन मालिकों को ई-चालान भेजे गए। पुलिस ने खतरनाक और तेज रफ्तार में वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया चलाने, एक वाहन पर तीन लोगों के सवार होने और नो-एंट्री क्षेत्र में वाहन ले जाने जैसे मामलों में कार्रवाई की।
ट्रैफिक बाधित करने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
दही हांडी समारोह के दौरान सड़कों पर भीड़ और वाहनों की वजह से कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, यातायात में बाधा पैदा करने के मामले में 3,727 ई-चालान जारी किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि उत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।