
रीमा सिंह
मुंबई, 7 सितंबर।
मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने सोमवार को सुरक्षित रेल परिचालन में उल्लेखनीय योगदान के लिए 16 कर्मचारियों को सुरक्षा पुरस्कार प्रदान किए। कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान सतर्कता, सूझबूझ, कर्तव्य के प्रति समर्पण और समय पर कार्रवाई के लिए सम्मानित किया गया। उनकी तत्परता से संभावित दुर्घटनाओं को टालने और यात्रियों व रेल कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिली।
प्रत्येक पुरस्कार में पदक, प्रशस्ति प्रमाण-पत्र, अनुकरणीय सुरक्षा कार्य का प्रशस्ति-पत्र और नकद पुरस्कार शामिल है। मुंबई मंडल के कर्मचारियों ने विभिन्न घटनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पनवेल के कांटेवाला राहुल बागुल ने मालगाड़ी के वैगन से गैस रिसाव की जानकारी समय पर अधिकारियों को दी।
लोनावला के कांटेवाला बी. ई. डी’सूजा ने चलती ट्रेन में फंस रहे दिव्यांग यात्री को बचाया। ट्रेन मैनेजर संतोष जाधव ने रेल लाइन के किनारे लोहे के बॉक्स से टकराने के बाद ट्रेन रोककर उसे हटाया। कर्जत के ट्रैक मेंटेनर केतन धुले और स्वप्निल चाहूरपगारे ने चट्टानें गिरने से बाधित रेल लाइन को समय रहते सुरक्षित किया। वरिष्ठ टिकट परीक्षक वृशाली सावंत जाधव ने डोंबिवली स्टेशन पर गिरने वाली महिला यात्री को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई।
भुसावल मंडल में अर्चना पाटील ने कोच के बैटरी बॉक्स से धुआं निकलने पर ट्रेन रुकवाई। रिंकू राम बेरवा ने कोच से बाहर निकली ढीली लोहे की वस्तु की सूचना दी, जबकि लोको पायलट शंटर योगेश इंगले ने पटरी पर पड़ी भारी लोहे की प्लेट देखकर ट्रेन रोक दी। तकनीशियन रिजवान शेख ने मालगाड़ी के खराब सीबीसी की जानकारी अधिकारियों को दी।
नागपुर मंडल के मचिंद्र भगत ने 25 केवी ओएचई लाइन के पास चढ़े व्यक्ति को सुरक्षित बचाने के लिए बिजली के आपूर्ति बंद कराई। अखिलेश चौरसिया ने ट्रेन में धुआं निकलने पर आग बुझाई।
पुणे मंडल के भरत कुमार, विक्रम सक्सेना और पंकज पासवान ने मालगाड़ियों में गंभीर तकनीकी खामियां पहचानकर संभावित हादसे रोके। आरपीएफ के जितेंद्र महाजन ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही महिला यात्री को सुरक्षित बचाया। महाप्रबंधक ने सभी पुरस्कार विजेताओं की सतर्कता और समर्पण की सराहना करते हुए सुरक्षित रेल परिचालन में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।