95.7% नंबर फिर भी मनचाहे संस्थान में नहीं मिला एडमिशन, ठाणे में छात्र ने दी जान

शिबपुर के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी में लेना चाहता था एडमिशन, एंट्रेंस में 10,474वीं रैंक मिलने से था निराश

Rahul Gupta

ठाणे, 8 सितंबर। महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पसंद के संस्थान में एडमिशन नहीं मिलने से निराश 12वीं कक्षा के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह है कि छात्र ने साइंस स्ट्रीम से 12वीं की परीक्षा में 95.7 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। पुलिस के मुताबिक, पढ़ाई से जुड़ी निराशा को घटना की वजह माना जा रहा है।

मनचाहे संस्थान में एडमिशन नहीं मिलने से था परेशान

पुलिस के अनुसार, नाबालिग छात्र घोड़बंदर रोड स्थित हीरानंदानी एस्टेट में रहता था। 12वीं के बाद वह इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी, शिबपुर में दाखिला लेना चाहता था। उसका लक्ष्य संस्थान से बीएस-एमएस की डबल डिग्री हासिल करना था।

हालांकि, प्रवेश परीक्षा में उसे 10,474वीं रैंक मिली। इसके चलते उसे मनचाहे संस्थान में सीट नहीं मिल सकी। पुलिस के मुताबिक, एडमिशन नहीं मिलने के कारण छात्र काफी निराश था।

Advertisement

परिवार को भेजा जान देने का मैसेज

पुलिस ने बताया कि छात्र शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे साइकिल चलाने की बात कहकर घर से निकला था। करीब 8:15 बजे उसने अपने परिवार के व्हाट्सऐप ग्रुप में एक मैसेज भेजा, जिसमें उसने जान देने की बात कही।

परिवार के लोग कुछ कर पाते, इससे पहले ही छात्र एक इमारत की 22वीं मंजिल से कूद गया।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

मैसेज के बाद जब छात्र का मोबाइल नंबर बंद आया तो परिवार ने कसारवडावली पुलिस को सूचना दी। तलाश के दौरान छात्र एक अपार्टमेंट के पास फुटपाथ पर गंभीर हालत में मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने छात्र के पिता के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, परिवार ने किसी साजिश की आशंका नहीं जताई है। परिवार ने पढ़ाई और मनचाहे संस्थान में एडमिशन नहीं मिलने से जुड़ी परेशानी को घटना की वजह बताया है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh