ऑफलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 10 सितंबर, उम्र सीमा 38 साल; शाकाहारी और मांसाहारी खाना बनाने का अनुभव जरूरी
Rahul Gupta
8 सितंबर 2026।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में भर्ती का मौका है। हाईकोर्ट ने कुक यानी रसोइया के 18 रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती की खास बात यह है कि आवेदन के लिए उम्मीदवार का न्यूनतम चौथी कक्षा पास होना जरूरी है। ऐसे में 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थी भी इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को ऑनलाइन नहीं, बल्कि ऑफलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन फॉर्म स्पीड पोस्ट के जरिए भेजना होगा और यह 10 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक पहुंच जाना चाहिए।
कौन कर सकता है आवेदन?
कुक पद के लिए उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 38 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी। ऐसे अभ्यर्थी 43 वर्ष की उम्र तक आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवार को मराठी और हिंदी भाषा पढ़ने, लिखने और बोलने का ज्ञान होना चाहिए। इसके अलावा शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह का भोजन बनाने की जानकारी और अनुभव भी जरूरी है। 3-स्टार या 5-स्टार होटल में काम करने वाले या कैटरिंग में डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवारों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल एस-3 के अनुसार 16,600 रुपये से 52,400 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा उम्मीदवारों को नियमानुसार सरकारी भत्ते भी दिए जाएंगे।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन कुल 50 अंकों के आधार पर किया जाएगा। इसमें कुकिंग प्रैक्टिकल टेस्ट 30 अंकों का, फिजिकल फिटनेस टेस्ट 10 अंकों का और ओरल इंटरव्यू 10 अंकों का होगा।
कुकिंग प्रैक्टिकल टेस्ट में सफल होने के लिए उम्मीदवार को कम से कम 15 अंक हासिल करना जरूरी होगा। इसके बाद चयन प्रक्रिया के अन्य चरणों के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार बॉम्बे हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। फॉर्म भरने के बाद जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज, अनुभव प्रमाणपत्र और हाल की पासपोर्ट साइज फोटो की सेल्फ-अटेस्टेड कॉपी लगानी होगी। आवेदन वाले लिफाफे पर कुक पद के लिए आवेदन स्पष्ट रूप से लिखना होगा।
आवेदन फॉर्म 10 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक स्पीड पोस्ट के जरिए प्रबंधक (प्रशासन), बॉम्बे हाईकोर्ट, बेंच औरंगाबाद, जालना रोड, छत्रपति संभाजीनगर-431009 के पते पर पहुंच जाना चाहिए। आवेदन के समय उम्मीदवारों को कोई फीस नहीं देनी होगी। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को बाद में 200 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना होगा।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।