डॉक्टरों समेत 790 नए पदों पर होगी भर्ती
रीमा सिंह
मुंबई, 9 सितंबर।
मुंबई महानगरपालिका के कूपर अस्पताल और हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे ट्रॉमा अस्पताल में डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की कमी जल्द दूर होगी। बीएमसी स्वास्थ्य विभाग की ओर से दोनों अस्पतालों में 790 अतिरिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के उपायुक्त शरद उघड़े ने सांसद रविंद्र वायकर के साथ हुई बैठक में दी।
2013 के बाद पहली बार तैयार हुआ नया पद ढांचा
27-मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा क्षेत्र और कूपर अस्पताल से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान के लिए जोगेश्वरी स्थित ट्रॉमा अस्पताल में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद रविंद्र दत्ताराम वायकर ने की। इसमें बीएमसी के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अस्पताल प्रशासन और स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग ने वर्ष 2013 के बाद अस्पतालों में पदों की भर्ती के लिए नया पद ढांचा तैयार नहीं किया था। इसके कारण विभिन्न अस्पतालों में डॉक्टरों समेत कई पद खाली पड़े थे और इसका असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा था। अब नया पद ढांचा तैयार कर कूपर और ट्रॉमा अस्पताल में 790 अतिरिक्त पद भरे जाएंगे।
50 अस्पतालों में शुरू होगी जेनेरिक दवा सुविधा
मरीजों और उनके परिजनों को सस्ती दरों पर जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए बीएमसी के 50 अस्पतालों में जेनेरिक मेडिसिन सुविधा शुरू की जाएगी। कूपर अस्पताल में इसका काम पूरा हो चुका है, जबकि ट्रॉमा अस्पताल में भी जल्द यह सुविधा शुरू की जाएगी।
ट्रॉमा अस्पताल में फिजियोथेरेपी और NICU
जोगेश्वरी, अंधेरी और गोरेगांव के जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण ट्रॉमा अस्पताल में फिजियोथेरेपी विभाग शुरू करने की मांग की गई है। प्रशासन ने यह सुविधा जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा ट्रॉमा अस्पताल में बच्चों की सर्जरी की सुविधा शुरू की जाएगी। अस्पताल में नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) शुरू करने की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
ICU बेड 10 से बढ़ाकर 100 करने की मांग
सांसद वायकर ने ट्रॉमा अस्पताल में ICU बेड की संख्या 10 से बढ़ाकर 100 करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इतने बड़े अस्पताल में मौजूदा ICU बेड की संख्या बेहद कम है। प्रशासन ने इस संबंध में जल्द चर्चा कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
ओशिवरा प्रसूतिगृह दिसंबर तक होगा पूरा
उपायुक्त उघड़े ने बताया कि ओशिवरा स्थित 150 बिस्तरों वाले प्रसूतिगृह का निर्माण कार्य प्रगति पर है और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, स्कॉट्स कॉलोनी स्थित प्रसूतिगृह का आराखड़ा तैयार हो चुका है और जल्द ही इसकी निविदा जारी की जाएगी।
दोषी ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग
सांसद वायकर ने उन ठेकेदार एजेंसियों को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की, जिन्होंने कर्मचारियों के भविष्य निर्वाह निधि (PF) की राशि जमा नहीं की है। उन्होंने अस्पतालों के कामकाज की निगरानी के लिए 11 सदस्यीय विशेष समिति गठित करने का भी सुझाव दिया।
इसके अलावा अस्पतालों की कैंटीन स्वयं सहायता समूहों को देने, महत्वपूर्ण स्थानों पर CCTV लगाने और मरीजों के लिए अस्पताल के प्रमुख हिस्सों में सूचना बोर्ड लगाने की मांग की गई।
कूपर अस्पताल के पास बनेगा सुविधा शौचालय
कूपर अस्पताल में मुंबई और महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते हैं। उनकी सुविधा के लिए अस्पताल के पास सार्वजनिक शौचालय बनाने का सुझाव दिया गया। अस्पताल प्रशासन द्वारा जगह उपलब्ध कराने पर सांसद निधि से शौचालय निर्माण कराने की तैयारी वायकर ने जताई।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।