महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 40 सीटों के लिए पार्टी ने प्रभारी नियुक्त किए हैं। कल्याण, भिवंडी, सोलापुर, पुणे, नासिक, नागपुर समेत कई लोकसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को सौंपी गई है।
Rahul Gupta
मुंबई, 10 सितंबर।
लोकसभा चुनाव 2029 को लेकर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी ने महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 40 सीटों के लिए लोकसभा प्रभारी नियुक्त किए हैं। पार्टी की ओर से जारी सूची में मुंबई के कई युवा नेताओं को अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है।
मुंबई के विधायकों, पूर्व नगरसेवकों और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों को भी विभिन्न लोकसभा सीटों का संपर्क प्रमुख और प्रभारी बनाया गया है। घोषित सूची में मुंबई की छह लोकसभा सीटों के साथ ठाणे और जलगांव को फिलहाल शामिल नहीं किया गया है। महाराष्ट्र की बाकी सीटों पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
प्रमुख नियुक्तियां
पार्टी की ओर से घोषित जिम्मेदारियों में कल्याण और भिवंडी की जिम्मेदारी वरुण सरदेसाई को दी गई है। शिरडी-अहमदनगर में सुनील शिंदे, छत्रपति संभाजीनगर में आशीष चेंबुरकर और शिरूर में किरण तावडे को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुणे जिला की जिम्मेदारी सचिन पडवाल, सोलापुर और माढा की सुषमा अंधारे, नाशिक और दिंडोरी की रवींद्र मिर्लेकर तथा बुलढाणा की जिम्मेदारी नितिन देशमुख और नरेंद्र खेडेकर को दी गई है।
अकोला में नितिन देशमुख और निलेश घुमाल, अमरावती में नितिन देशमुख और डॉ. किशोर ठाकरे, हिंगोली में बाबनराव थोरात, कोल्हापुर में अरुण दूधवडकर और बारामती में संजय सावंत को जिम्मेदारी दी गई है।
धुले में अशोक धात्रक, रावेर में गुलाबराव वाघ, नंदुरबार में मुकेश सालुंके, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग में प्रदीप बोरिकर और रायगढ़ में संजय मनाजी कदम को नियुक्त किया गया है। रायगढ़ में पेन विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर जिम्मेदारी दी गई है।
मावल की जिम्मेदारी प्रसाद भोईर को दी गई है, जिसमें पेन विधानसभा क्षेत्र भी शामिल है। पालघर में विलास पोतनिस, सातारा में उदय ढलवी, सांगली में स्वप्निल कुंजर और हातकणंगले में महेंद्र इंदुलकर को जिम्मेदारी मिली है।
जालना में सुनील वामन पाटील, धाराशिव में सुनील काटमारे, नांदेड में किशोर पोतदार, परभणी में प्रदीपकुमार खोपडे, लातूर में परमेश्वर सातपुते और बीड में अशोक साकपाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यवतमाल-वाशिम में दिलीप जाधव, वर्धा में सुधीर सूर्यवंशी, नागपुर में सतीश हार्डे, रामटेक में सुरेश सावंत, गढ़चिरौली-चिमूर में महेश केदारी, चंद्रपुर में प्रशांत कदम और भंडारा-गोंदिया में राजू पाटील को लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।
वरुण सरदेसाई को कल्याण और भिवंडी की जिम्मेदारी
कल्याण लोकसभा क्षेत्र खास तौर पर महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे सांसद हैं। उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने इस सीट की जिम्मेदारी वरुण सरदेसाई को सौंपी है।
सरदेसाई कल्याण और भिवंडी लोकसभा क्षेत्रों के लिए संपर्क अधिकारी होंगे। वहीं, सुषमा अंधारे को सोलापुर और माढा लोकसभा क्षेत्रों के लिए संपर्क अधिकारी बनाया गया है।
बाकी सीटों पर भी हो सकता है ऐलान
इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने लोकसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और 2029 के चुनाव की तैयारियों को समय से पहले गति देने का संकेत दिया है। फिलहाल 40 सीटों के लिए जिम्मेदारियां घोषित की गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में बाकी लोकसभा सीटों के लिए भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों का ऐलान किया जा सकता है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।