न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 11 सितंबर। मुंब्रा की 19 वर्षीय युवती नामीराह तारिक खान के नए पासपोर्ट को लेकर महाराष्ट्र आतंकवाद-रोधी दस्ता (एटीएस) की जांच शुरू हो गई है। आरोप है कि नामीराह ने नया पासपोर्ट बनवाते समय अपने पुराने पासपोर्ट की जानकारी नहीं दी। मामले की शुरुआती जांच के बाद मुंब्रा पुलिस ने नामीराह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
एटीएस को जानकारी मिली थी कि नामीराह ने अधूरी जानकारी देकर मुंब्रा से नया पासपोर्ट हासिल किया है। जांच के दौरान सामने आया कि उसके नाम पर पहले से ही लखनऊ से जारी पासपोर्ट मौजूद था। जांच एजेंसियों के अनुसार, नया पासपोर्ट बनवाते समय आवेदक को पुराने पासपोर्ट की जानकारी देना अनिवार्य होता है। इसी जानकारी को कथित तौर पर छिपाए जाने को लेकर एटीएस ने जांच शुरू की।
इसके बाद एजेंसी ने नामीराह के पुराने और नए पासपोर्ट के साथ-साथ उसकी विदेश यात्राओं से संबंधित जानकारी भी खंगालनी शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि नामीराह का अपने फरार पिता तारिक खान से किसी तरह का संपर्क रहा है या नहीं।
मामले ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब जांच के दौरान नामीराह के पिता तारिक खान का नाम प्रतिबंधित संगठनों इंडियन मुजाहिदीन (आईएम)और सिमी (SIMI) से जुड़े मामलों में सामने आने की जानकारी मिली।
सूत्रों के मुताबिक, तारिक खान के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2001 का एक मामला सिमी से कथित संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है। इसके बाद वर्ष 2006 में मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी **यूएपीए** के तहत मामला दर्ज किया था। वर्ष 2011 में उसके खिलाफ कथित तौर पर फर्जी करेंसी से संबंधित एक और मामला दर्ज हुआ था, जिसमें यूएपीए की गंभीर धाराएं लगाई गई थीं।
फिलहाल एटीएस नामीराह के पुराने और नए पासपोर्ट की जानकारी, विदेश यात्राओं तथा उसके पिता से संभावित संपर्क की कड़ियों की जांच कर रही है। पुलिस और जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि पासपोर्ट आवेदन में पुरानी जानकारी कथित तौर पर क्यों नहीं दी गई और इसके पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।