रीमा सिंह
मुंबई, 11 सितंबर।
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर महायुति सरकार और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं और पुलिस की भूमिका राजनीतिक विरोधियों पर कार्रवाई तथा वसूली तक सीमित होती जा रही है। सपकाल ने सवाल किया कि जब मंत्रियों के परिवार भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा। उन्होंने फडणवीस से गृहमंत्री पद छोड़ने की मांग की।
मंत्री के परिजनों पर हमले का मुद्दा उठाया
सपकाल ने कहा कि राज्य सरकार में मंत्री अतुल सावे के भाई और भतीजे पर छत्रपति संभाजीनगर जिले में हमला किया गया। इससे पहले जलगांव में केंद्रीय मंत्री की बेटी के साथ छेड़छाड़ की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री को स्वयं पुलिस थाने जाकर शिकायत दर्ज करानी पड़ी थी। सपकाल ने आरोप लगाया कि अपराधियों और गैंगस्टरों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।
ड्रग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य में ड्रग्स के बढ़ते कारोबार पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केवल ‘ड्रग्स फ्री महाराष्ट्र’ का नारा देने से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि इसके लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
पुणे पुलिस पर मानवाधिकार आयोग की कार्रवाई का जिक्र
सपकाल ने पुणे पुलिस की कार्रवाई का हवाला देते हुए कहा कि राज्य मानवाधिकार आयोग ने पुलिस आयुक्त अमितेशकुमार, पुलिस उपायुक्त मिलिंद मोहिते और सहपुलिस आयुक्त राहुल आवारे सहित अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की सिफारिश की है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाबालिग आरोपियों को कार के बोनट पर बैठाकर जुलूस निकालने के मामले में पुलिस ने मानवाधिकारों का उल्लंघन किया।
कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
सपकाल ने अहिल्यानगर जिले में विजय शेळके और महेश जाधव के साथ कथित मारपीट की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि गोरक्षा के नाम पर दोनों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। सपकाल ने सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।