आईआईटी मुंबई की रिपोर्ट में एफओबी असुरक्षित
पुनर्निर्माण के लिए बीएमसी ने रेलवे से तत्काल बंद करने का किया अनुरोध
रीमा सिंह
मुंबई, 12 सितंबर।
गणपति उत्सव-2026 के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मस्जिद और माटुंगा स्टेशनों के चार फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) को तत्काल बंद करने का निर्णय लिया है। इन एफओबी की संरचनात्मक स्थिति को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मुंबई द्वारा किए गए ऑडिट में असुरक्षित पाया गया है।
27 अगस्त को हुआ संयुक्त निरीक्षण
बीएमसी और रेलवे अधिकारियों ने 27 अगस्त 2026 को इन चारों एफओबी का संयुक्त स्थल निरीक्षण किया था। इसके बाद आईआईटी मुंबई ने 31 अगस्त को प्रत्येक एफओबी की अलग-अलग संरचनात्मक ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की।
चार एफओबी की स्थिति गंभीर
ऑडिट में भंडारी एफओबी, मस्जिद, मस्जिद स्टेशन एफओबी, माटुंगा लेवल क्रॉसिंग एफओबी तथा माटुंगा-धारावी एफओबी को शामिल किया गया। रिपोर्ट में इनकी महत्वपूर्ण संरचनात्मक हिस्सों में क्षरण और जंग की समस्या सामने आई है।
तत्काल बंद करने और पुनर्निर्माण की सिफारिश
आईआईटी मुंबई की रिपोर्ट में पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए इन एफओबी को तत्काल बंद करने तथा मौजूदा संरचनाओं को ध्वस्त कर नए एफओबी के निर्माण पर विचार करने की सिफारिश की गई है। इसके आधार पर बीएमसी ने मध्य रेल से इन पुलों पर पैदल आवागमन रोकने का अनुरोध किया है।
गणपति उत्सव में बढ़ेगी भीड़
गणपति उत्सव के दौरान रेलवे स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों एवं पैदल यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में असुरक्षित एफओबी पर भीड़ का दबाव बढ़ने से दुर्घटना का खतरा पैदा हो सकता है। इसी को देखते हुए जनसुरक्षा के मद्देनजर इन पुलों को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
मध्य रेल ने यात्रियों से मांगा सहयोग
मध्य रेल ने यात्रियों और आम जनता से अपील की है कि वे सुरक्षा के मद्देनजर एफओबी बंद किए जाने में सहयोग करें। गणपति उत्सव के दौरान सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवागमन के लिए यात्रियों से उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।