रीमा सिंह
मुंबई, 12 सितंबर।
महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी, मुंबई की ओर से हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राजभाषा पखवाड़े के तहत दूरदर्शन सह्याद्री के संयुक्त तत्वावधान में ‘शब्द यज्ञ’ कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। प्रभादेवी स्थित पु. ल. देशपांडे नाट्य अकादमी के लघु सभागार में आयोजित इस सम्मेलन में महाराष्ट्र के सात प्रमुख रचनाकारों ने अपनी विविध रचनाओं से काव्य की इंद्रधनुषी छटा बिखेरी।
महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के सचिव एवं सह निदेशक सचिन निंबाळकर ने बताया कि कार्यक्रम का सुरुचिपूर्ण संचालन वरिष्ठ गीतकार गजानन महतपुरकर ने किया। सम्मेलन में सुप्रसिद्ध मराठी अभिनेता एवं वरिष्ठ कवि किशोर कदम, महाराष्ट्र सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. अतुल पाटणे, वरिष्ठ साहित्यकार ओमप्रकाश तिवारी, अरुण दुबे ‘अविकल’, डॉ. अनिल गौड़ तथा अकोला की वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. पूनम मानकर पिसे ने काव्य पाठ किया।
रचनाकारों ने अपनी कविताओं में मानवीय अनुभूतियों, श्रृंगार रस, सामाजिक सरोकारों, देशभक्ति, जीवन-दर्शन और सामाजिक संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। विविध भावों और काव्य विधाओं से सजे इस आयोजन ने साहित्यप्रेमियों को भाव-विभोर किया और सम्मेलन यादगार बन गया।
अकादमी के अनुसार ‘शब्द यज्ञ’ कवि सम्मेलन का प्रसारण हिंदी दिवस के दिन 14 सितंबर 2026 को दोपहर 2:30 बजे दूरदर्शन के सह्याद्री चैनल पर किया जाएगा। इसका पुनर्प्रसारण उसी दिन रात 10 बजे होगा। इसके अलावा दर्शक इस कार्यक्रम को सह्याद्री के यू-ट्यूब चैनल पर भी देख सकेंगे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।