रीमा सिंह
मुंबई, 15 सितंबर।
दिशा सालियन मामले की दोबारा जांच को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। इस मामले में आदित्य ठाकरे का नाम चर्चा में आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राऊत ने आरोप लगाया है कि दिशा सालियन मामले की आड़ में ठाकरे परिवार को बदनाम करने और उस पर दाग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा नगरसेवक नवनाथ बन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी को ठाकरे परिवार पर दाग लगाने की जरूरत नहीं है। जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।
‘सरकार के कहने पर नहीं हुआ मामला दर्ज’
भाजपा नेता नवनाथ बन ने कहा कि इस मामले में दर्ज हुआ अपराध सरकार के निर्देश पर नहीं, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत हुआ है। उन्होंने कहा कि महायुति सरकार के कार्यकाल में इस मामले में क्लोजर रिपोर्ट पेश की गई थी। यदि राजनीतिक षड्यंत्र होता तो क्लोजर रिपोर्ट क्यों दी जाती?
बन ने कहा, ‘‘दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। कोई भी ठाकरे परिवार पर दाग लगाने का काम नहीं कर रहा है। उलटे आप ही उलटे-सीधे बयान देकर दाग लगा रहे हैं। जांच का सामना कीजिए, सच्चाई सामने आ जाएगी।’’
आदित्य ठाकरे को लेकर संजय राऊत पर निशाना
नवनाथ बन ने संजय राऊत पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि उद्धव ठाकरे गुट पर नियंत्रण बनाए रखने और आदित्य ठाकरे को राजनीतिक रूप से दूर करने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदित्य ठाकरे और संजय राऊत के बीच राजनीतिक मतभेद किसी से छिपे नहीं हैं। आदित्य ठाकरे के मामले में फंसने पर सबसे ज्यादा खुशी संजय राऊत को होगी, ऐसा आरोप भी उन्होंने लगाया।
मराठी अस्मिता के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला
महाराष्ट्र को बहुभाषी राज्य बताए जाने संबंधी अमित शाह के बयान का समर्थन करते हुए बन ने कहा कि महाराष्ट्र मराठी लोगों का है, लेकिन यहां विभिन्न भाषाएं बोलने वाले लोग भी रहते हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र पर पहला अधिकार मराठी लोगों का है। संयुक्त महाराष्ट्र के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए बन ने उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की 13 करोड़ जनता ने उन्हें जवाब दिया है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।