काटोल के झिलपा गांव में मां के साथ गौरी विसर्जन के लिए तालाब पहुंचे थे दोनों बच्चे, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा; अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
राहुल गुप्ता
नागपुर, 16 सितंबर।
महाराष्ट्र के नागपुर जिले से गौरी विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। काटोल थाना क्षेत्र के झिलपा परिसर स्थित तालाब में डूबने से दो बालकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आयुष हरीश कुमार और दर्शन उर्फ दक्ष धनराज लाड़ के रूप में हुई है। दोनों झिलपा गांव के रहने वाले थे। आयुष कक्षा 8वीं और दर्शन कक्षा 7वीं में पढ़ता था।
मां के साथ गौरी विसर्जन के लिए पहुंचे थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को गांव की कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ गौरी विसर्जन के लिए गांव के पास स्थित तालाब पर पहुंची थीं। आयुष और दर्शन भी अपनी मां के साथ वहां गए थे।
जब महिलाएं तालाब में गौरी विसर्जन कर रही थीं, तब दोनों बच्चे तालाब के किनारे कम गहरे पानी में उतरे थे। इसी दौरान दोनों अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए और डूब गए।
दिखाई नहीं दिए तो शुरू हुई तलाश
विसर्जन के दौरान जब दोनों बच्चे दिखाई नहीं दिए, तो महिलाओं को उनके डूबने का पता चला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों और दोनों बच्चों के चाचा ने तालाब में उतरकर उनकी तलाश शुरू कर दी।
काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल काटोल ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा मातम
दो बच्चों की मौत की खबर मिलते ही झिलपा गांव में शोक का माहौल है। त्योहार के दौरान हुए इस हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बलिया में तालाब में मिला पुलिसकर्मी का शव
इसी बीच उत्तर प्रदेश के बलिया में भी तालाब में एक पुलिसकर्मी का शव मिलने का मामला सामने आया था। बांसडीह कोतवाली में तैनात रिजर्व पुलिसकर्मी परितोष मिश्रा का शव सोमवार सुबह बांसडीहरोड थाना क्षेत्र स्थित एक तालाब से बरामद हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को परितोष मिश्रा एक कांस्टेबल को इलाहाबाद हाई कोर्ट जाने के लिए बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात 2-3 पुलिसकर्मियों के साथ खाना खाया था।
इसके बाद उन्होंने साथियों को बताया था कि उन्हें रात में दूसरी ड्यूटी पर जाना है और अपनी निजी मोटरसाइकिल से वहां से रवाना हो गए। निर्धारित समय पर बांसडीह थाने में ड्यूटी पर नहीं पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के एक तालाब में उनका शव मिला। सूचना पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।