12 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर
रीमा सिंह
मुंबई, 20 सितंबर।
कालाचौकी के दत्ताराम लाड मार्ग स्थित महागणपति उत्सव मंडल के प्रवेश द्वार के पास रविवार तड़के बिजली का करंट उतरने से छह लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक 8 वर्षीय बच्ची और 33 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इनमें एक 12 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही बिजली आपूर्ति बंद
बीएमसी के मुंबई फायर ब्रिगेड (एमएफबी) को घटना की सूचना रात करीब 2.42 बजे मिली। जानकारी के अनुसार, गणेशोत्सव मंडल के प्रवेश द्वार के पास बनाए गए अस्थायी पेयजल स्टॉल में बिजली का करंट महसूस किया गया। इसके बाद मौके पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई और एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई।
BEST अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
BEST अधिकारियों ने दत्ताराम लाड मार्ग स्थित दिग्विजय मिल चॉल के पोल नंबर DLM-14 के पास घटनास्थल का निरीक्षण किया। यहां गणपति उत्सव की रोशनी और कोल्ड ड्रिंक स्टॉल के लिए लगाए गए अस्थायी मीटर नंबर M217392 की भी जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, अस्थायी मीटर की वायरिंग और एमसीबी स्थानीय इलेक्ट्रीशियन द्वारा पहले ही डिस्कनेक्ट कर दी गई थी।
मौके पर मौजूद था BEST का फ्यूजमैन
घटनास्थल की बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से बंद रखी गई है। मौके पर BEST का फ्यूजमैन भी मौजूद था। कालाचौकी पुलिस ने निरीक्षण के लिए मीटर इंस्पेक्टर को भी मौके पर बुलाया। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से आगे की जांच की जा रही है।
मसिना अस्पताल में तीन घायलों का उपचार
हादसे में घायलों को उपचार के लिए मसिना और ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया। मसिना अस्पताल में 8 वर्षीय रागिनी घनश्याम यादव को डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया। वहीं 19 वर्षीय किरण अकबर नाइक, 19 वर्षीय तन्वी नरेश हांडे और 19 वर्षीय साहिल संदीप तारे का उपचार चल रहा है। तीनों की हालत स्थिर बताई गई है।
ग्लोबल अस्पताल में महिला की मौत
ग्लोबल अस्पताल में 33 वर्षीय सुजाता को भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 12 वर्षीय रूही सिंह की हालत गंभीर बताई गई है। उसे ग्लोबल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
बिजली का करंट अस्थायी स्टॉल तक कैसे पहुंचा और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियां क्या थीं, इसकी जांच स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है। BEST अधिकारियों ने भी घटनास्थल की विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण किया है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।