मुंबई मंडल के 2,967 स्थानों की जांच, 1,753 पानी की टंकियों की सफाई
रीमा सिंह
मुंबई, 22 सितंबर।
गैर-उपनगरीय रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और पेयजल की गुणवत्ता से संबंधित कैग रिपोर्ट के बाद रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में मध्य रेल के मुंबई मंडल ने पेयजल व्यवस्था की व्यापक जांच और रखरखाव का विशेष अभियान चलाया है। 20 अगस्त से 22 सितंबर 2026 तक चलाए गए इस अभियान में मंडल के स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और कार्यस्थलों पर पेयजल से जुड़े 2,967 स्थानों को शामिल किया गया।
410 कमियां मिलीं, 365 का किया गया निवारण
अभियान के दौरान जल स्रोतों, फिल्ट्रेशन प्लांट, भूमिगत एवं ओवरहेड टंकियों, पीवीसी टंकियों, पानी के बूथ, नलों और जल वितरण बिंदुओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 410 कमियां दर्ज की गईं, जिनमें से 365 का निवारण कर दिया गया है, जबकि 45 कमियों पर काम जारी है।
मुंबई मंडल में प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर, रेलवे कॉलोनियों और कार्यालय परिसरों में कुल 2,913 पानी की टंकियां हैं। विशेष अभियान के दौरान इनमें से 1,753 टंकियों की सफाई की गई। इसके अलावा 1,716 स्थानों पर वेंट और ओवरफ्लो पाइपों पर जाली सहित टाइट कवर लगाए गए।
349 जल नमूनों की जांच
पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान के दौरान 349 जल नमूनों के भौतिक, रासायनिक और बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण किए गए। मंडल के अनुसार, सभी नमूने बैक्टीरियोलॉजिकल संदूषण के मामले में निगेटिव पाए गए और किसी भी नमूने में ई. कोलाई की मौजूदगी नहीं मिली।
इसके साथ ही 134 स्थानों पर दैनिक अवशिष्ट मुक्त क्लोरीन की निगरानी की जा रही है। जलापूर्ति व्यवस्था में सामने आई समस्याओं के तहत 26 लीकेज और खराब पाइपलाइनों की मरम्मत की गई। वहीं, 29 हैंडपंप और बोरवेल जल स्रोतों की संदूषण एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से जांच की गई।
पाइपलाइन और वाटर कूलरों की भी जांच
अभियान के तहत छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), कल्याण, भिवंडी रोड और लोनावला में जल पाइपलाइन प्रणाली में लीकेज की जांच की गई। विद्युत विभाग ने वाटर कूलरों का निरीक्षण और सफाई की। जहां नल उपलब्ध नहीं थे, वहां नए नल लगाए गए तथा खराब और लीकेज वाले नलों को बदला गया। जलस्रोतों और टंकियों में जमा गाद को भी हटाया गया।
सभी संबंधित इंस्पेक्टर ऑफ वर्क्स (IOW) कार्यालयों में ई. कोलाई परीक्षण किट उपलब्ध कराई गई हैं। मध्य रेल ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और पीने योग्य पानी उपलब्ध कराने के लिए जल गुणवत्ता की नियमित निगरानी और रखरखाव व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।