घाटकोपर के भटवाड़ी का राजा मंडल को दूसरा और करी रोड के पंचगंगा मंडल को तीसरा पुरस्कार
मुंबई, 23 सितंबर।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की ओर से आयोजित ‘श्रीगणेश गौरव पुरस्कार प्रतियोगिता-2026’ के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अंधेरी पश्चिम स्थित स्वप्नाक्षय मित्र मंडल, सार्वजनिक गणेशोत्सव ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। मंडल को 75 हजार रुपये, सम्मानचिह्न और प्रशस्तिपत्र प्रदान किया जाएगा। घाटकोपर पश्चिम के अखिल भटवाड़ी सार्वजनिक उत्सव मंडल, भटवाड़ी का राजा को दूसरा तथा करी रोड के पंचगंगा सार्वजनिक उत्सव मंडल को तीसरा पुरस्कार मिला।
कांजूरमार्ग के मंडल को शाडू मिट्टी की सर्वश्रेष्ठ मूर्ति का पुरस्कार
कांजूरमार्ग पूर्व स्थित शिवशक्ति सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल को शाडू मिट्टी से निर्मित सर्वश्रेष्ठ श्रीगणेश मूर्ति के लिए 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है। वहीं विलेपार्ले पूर्व के बाळ गोपाल मित्र मंडल की ‘मुंबई का पेशवा’ गणेश मूर्ति के लिए श्री मयेकर को सर्वश्रेष्ठ मूर्तिकार का पुरस्कार मिला। बोरिवली पूर्व के विघ्नहर्ता रहिवासी मित्र मंडल की सजावट के लिए रेश्मा शिंदे को सर्वश्रेष्ठ नेपथ्यकार (सजावटकार) का पुरस्कार घोषित किया गया।
पर्यावरण और सामाजिक कार्यों को भी सम्मान
विक्रोली पश्चिम के बालमित्र कला मंडल को सामाजिक कार्य और अंगदान जागरूकता के लिए पुरस्कार दिया गया। पर्यावरण एवं प्लास्टिक-थर्माकोल प्रतिबंध को लेकर जनजागरूकता के लिए दहिसर पूर्व के श्री श्रद्धा मित्र मंडल ट्रस्ट और दादर के शिवाजी पार्क (हाउस) सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल को पुरस्कार मिले। गोरेगांव पश्चिम के बेस्ट नगर श्रीगणेशोत्सव मंडल और मालवणी-मालाड पश्चिम के युवक उत्कर्ष मंडल को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
37वें वर्ष में पहुंची प्रतियोगिता
BMC मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुंबई की महापौर रितू तावडे, उपमहापौर संजय घाडी और अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे ने प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए। BMC के जनसंपर्क विभाग की ओर से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।
इस वर्ष प्रतियोगिता का 37वां आयोजन हुआ और इसमें कुल 50 सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन प्राथमिक और अंतिम, दो चरणों में किया गया। निर्णायकों ने गणेशोत्सव मंडलों के सजावट विषय, पर्यावरणपूरक मूर्ति, विषय की प्रस्तुति, सामाजिक कार्य, परिसर की स्वच्छता, BMC की विभिन्न मुहिमों में सहभागिता और जनहित संदेशों सहित विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन किया।
14 मंडलों को प्रशस्तिपत्र
प्रतियोगिता में 14 गणेशोत्सव मंडलों को विभिन्न श्रेणियों में विशेष प्रशस्तिपत्र भी दिए गए। इनमें दहिसर पूर्व का श्री शक्ति-गोकुल नगर सार्वजनिक श्री गणेशोत्सव मंडल, भांडुप पश्चिम का मराठा मित्र मंडल, कांजूर पूर्व का बालविकास मित्र मंडल, धारावी का इलेवन इविल्स क्रिकेट क्लब सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल, धारावी का श्री हनुमान सेवा मंडल, परेल का महादेवाची वाडी ते वागेश्वरी सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल, चिंचपोकली पश्चिम का पारशीवाडी मित्र मंडल और करी रोड का बालसाथी मित्र मंडल शामिल हैं।
इसके अलावा ठाकुरद्वार के धसवाड़ी सार्वजनिक
गणेशोत्सव मंडल, घाटकोपर पूर्व के श्रीक्ष्मी नारायण बाल गणेश मित्र मंडल, साकीनाका के ओम श्री सिद्धिविनायक मित्र मंडल, बोरीवली पश्चिम के श्री साईदर्शन मित्र मंडल, कस्तूरपार्क के श्री सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल और दादर के हिंदू कॉलोनी गणेशोत्सव मंडल को भी प्रशस्तिपत्र प्रदान किए जाएंगे।
17 और 18 सितंबर को प्राथमिक, 19-20 सितंबर को अंतिम दौर
प्रतियोगिता का मूल्यांकन नौ सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया। प्राथमिक चरण 17 और 18 सितंबर तथा अंतिम चरण 19 और 20 सितंबर को आयोजित किया गया। इसके बाद निर्णायकों ने अंतिम परिणाम को लिफाफे में बंद कर दिया था।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।