न्यूज़म ब्यूरो
पनवेल, 24 सितंबर। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के पनवेल सीमा क्षेत्र में गुरुवार को एक बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना एक्सप्रेसवे के पुणे लेन पर किलोमीटर नंबर 16 के पास हुई। बस में उस समय कुल 14 यात्री सवार थे। समय रहते सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बाद में उन्हें दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर पनवेल महानगरपालिका और खोपोली नगर परिषद के दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि दमकल दल के पहुंचने तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
पुणे में एसटी बस खाई में गिरी, 15 से अधिक छात्र घायल
इससे पहले पुणे जिले के दौंड तालुका में चौफुला-सुपा घाट मार्ग पर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। 16 सितंबर को स्कूल छात्रों को ले जा रही बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में 15 से अधिक छात्र घायल हो गए थे।
इस मामले में यवत पुलिस थाने में बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता आर्या इंद्रभान शितोले की शिकायत के आधार पर चालक राहुल त्रिंबक मडावी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, चौफुला से सुपा घाट की ओर जा रही एसटी बस के चालक ने कथित तौर पर यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए वाहन चलाया। इसी दौरान बस पर से उसका नियंत्रण छूट गया और बस ढलान से नीचे खाई में गिरकर कई बार पलट गई। हादसे में कई छात्र घायल हुए थे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।