वाडा की टीना रबर कंपनी में स्टोर रूम की दीवार अचानक ढही, मलबे में दबकर तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ा; भारी बोरियों के ढेर से स्ट्रक्चरल ओवरलोड की आशंका
राहुल गुप्ता
पालघर, 25 सितंबर। महाराष्ट्र के पालघर जिले के वाडा तालुका में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। विक्रमगढ़ रोड स्थित टीना रबर कंपनी में स्टोर रूम की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय तीन मजदूर नाश्ता कर रहे थे। दीवार के मलबे में दबने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
नाश्ता करते समय अचानक गिर गई दीवार
हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, कंपनी के कुछ मजदूर स्टोर रूम के पास नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान उनके पास मौजूद स्टोर रूम की दीवार अचानक ढह गई। मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे मलबे में दब गए।
हादसे में केशव वालकू गुनगुणा (55), मीरा जानू गवली (60) और रंजना दिलीप कोंब (35) की मौत हुई है।
तीनों मृतक अलग-अलग गांवों के रहने वाले
केशव गुनगुणा विक्रमगढ़ तालुका के मोहा गांव के रहने वाले थे। मीरा गवली वसूरी और रंजना कोंब पोशेरी की रहने वाली थीं।
हादसे की सूचना मिलते ही वाडा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भारी बोरियों के ढेर से ओवरलोड की आशंका
पालघर के आपदा प्रबंधन अधिकारी विवेकानंद कदम ने बताया कि घटना के समय तीनों मजदूर स्टोर रूम में नाश्ता कर रहे थे।
वहीं, आप्टी ग्राम पंचायत के सरपंच प्रमोद पाटिल ने आशंका जताई कि दीवार स्ट्रक्चरल ओवरलोड के कारण गिरी होगी। उनके मुताबिक, दीवार के ठीक बगल में भारी बोरियों का ढेर लगा हुआ था।
इस हादसे के बाद पालघर जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा और निर्माण ढांचे की स्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।