ठाणे/नवी मुंबई, 25 सितंबर। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि माथाडी कामगारों को सामाजिक सुरक्षा और कानूनी संरक्षण देने वाला ऐतिहासिक माथाडी कानून किसी भी परिस्थिति में समाप्त नहीं किया जाएगा। सरकार इस कानून को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने की दिशा में काम करेगी। मुख्यमंत्री अण्णासाहेब पाटील की 93वीं जयंती के अवसर पर वाशी स्थित एपीएमसी में आयोजित माथाडी कामगार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
3 हजार कामगारों को मिलेंगे घर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वडाला स्थित गृह परियोजना से जुड़ी बाधाओं को दूर कर करीब 2,850 से 3,000 माथाडी कामगारों को उनके अधिकार के घर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही भविष्य में कामगारों के लिए अतिरिक्त आवासीय परियोजनाएं भी विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 36 माथाडी मंडलों को सशक्त और पुनर्गठित किया जाएगा। मंडलों के कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्वतंत्र पैनल के माध्यम से लेखापरीक्षण कराया जाएगा।
लंबित मामलों का होगा निपटारा
फडणवीस ने कहा कि माथाडी कामगारों के वेतन, भविष्य निधि, ग्रेच्युटी, बोनस, मकान किराया और दुर्घटना मुआवजे से संबंधित लंबित मामलों का तत्काल निपटारा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि माथाडी कामगारों के नाम पर आर्थिक नुकसान करने वाले अनधिकृत समूहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने 50 किलोग्राम से अधिक वजन वाली बोरियों से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि वाशी एपीएमसी बाजार का आधुनिक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुनर्विकास करने की दिशा में काम किया जाएगा, जिससे माथाडी कामगारों के लिए स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।
बच्चों की शिक्षा और कौशल विकास पर जोर

कामगारों के बच्चों की उच्च शिक्षा और कौशल विकास के लिए अण्णासाहेब पाटील आर्थिक मागास विकास महामंडल तथा ‘सारथी’ के माध्यम से स्वतंत्र योजनाएं संचालित करने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी। उन्होंने कहा कि माथाडी कामगारों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।
माथाडी अस्पताल के आधुनिकीकरण का आश्वासन
वन मंत्री गणेश नाईक ने माथाडी कामगारों की शैक्षणिक और सामाजिक उन्नति पर जोर देते हुए नई पीढ़ी से उच्च शिक्षा हासिल कर विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने माथाडी अस्पताल के आधुनिकीकरण और वडाला गृह परियोजना को जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
विपणन मंत्री जयकुमार रावल ने कहा कि किसान, माथाडी कामगार और व्यापारी कृषि बाजार व्यवस्था के प्रमुख आधारस्तंभ हैं। उन्होंने वाशी एपीएमसी बाजार के आधुनिक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुनर्विकास की बात कही। साथ ही 50 किलोग्राम वजन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही।
उत्कृष्ट माथाडी कामगारों का सम्मान
कार्यक्रम में अण्णासाहेब पाटील आर्थिक मागास विकास महामंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पाटील, विधायक शशिकांत शिंदे, विधायक मंदाताई म्हात्रे, विधायक निरंजन डावखरे, विधायक मनोज जामसुतकर, नवी मुंबई की महापौर सुजाता पाटील, डॉ. प्राची पाटील सहित जनप्रतिनिधि, माथाडी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कामगार उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों उत्कृष्ट माथाडी कामगारों को सम्मानचिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।