राहुल गुप्ता
वर्धा, 26 सितंबर। नागपुर से मुंबई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस पर शुक्रवार रात वर्धा के पास पथराव की घटना सामने आई है। अचानक हुए पथराव से ट्रेन के एसी कोच के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ट्रेन को वर्धा स्टेशन पर रोककर रेलवे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
खाना खाते समय अचानक हुआ पथराव
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12290 दुरंतो एक्सप्रेस शुक्रवार रात करीब 8 बजे नागपुर से मुंबई के लिए रवाना हुई थी। वर्धा के पास ट्रेन पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पथराव कर दिया।
पथराव के दौरान यात्री ट्रेन में खाना खा रहे थे। अचानक पत्थर लगने से बी-4 कोच के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वर्धा स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन
पथराव के बाद ट्रेन को वर्धा स्टेशन पर रोका गया। वहां रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। रेलवे की मैकेनिकल टीम ने क्षतिग्रस्त शीशे की मरम्मत की, जिसके बाद ट्रेन को मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया।
अज्ञात व्यक्ति की तलाश में जुटी पुलिस
मध्य रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है। वर्धा के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन के एसी कोच पर पत्थर फेंके थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पथराव किसने किया और इसके पीछे क्या वजह थी। मामले की जांच जारी है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।