ढलान पर अचानक एसटी बस का ब्रेक हुआ फेल, फिर आगे चल रहे वाहनों के बीच मची भगदड़; 9 लोग घायल

राहुल गुप्ता
नवी मुंबई, 28 सितंबर। नवी मुंबई में ठाणे-बेलापुर मार्ग के बेलापुर खिंड में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मुंबई से मुरुड जा रही एसटी बस का ढलान पर अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित बस ने आगे चल रहे तीन रिक्शा और तीन कारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कुल 9 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को सीबीडी बेलापुर स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

ढलान पर पहुंचते ही फेल हुआ ब्रेक

जानकारी के मुताबिक, एसटी बस मुंबई से मुरुड जा रही थी। बेलापुर खिंड पार करने के बाद बस जैसे ही ढलान पर पहुंची, उसका ब्रेक अचानक फेल हो गया। चालक ने बस को नियंत्रित करने और सड़क के किनारे ले जाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।

इसके बाद बस की चपेट में आगे चल रहे करीब छह वाहन आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई कार और रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए।

बस में सवार 10 यात्री रहे सुरक्षित

पुलिस निरीक्षक लखन रासकर के अनुसार, बस शाम करीब 4 बजे मुंबई बस डिपो से मुरुड के लिए रवाना हुई थी। करीब 6 बजे बेलापुर खिंड में ब्रिज के नीचे ढलान पर उतरते समय उसका ब्रेक फेल हुआ।

हादसे के वक्त बस में 10 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं आई। सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

Advertisement

हादसे में घायल सभी 9 लोगों में कार और रिक्शा सवार लोग शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh