न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 29 सितंबर। दरअसल, 24 सितंबर की रात एमआईडीसी पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टीम अंधेरी ईस्ट इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास दो संदिग्ध युवक ट्रैवल बैग लेकर नजर आए। पुलिस को देखते ही दोनों वहां से निकलने की कोशिश करने लगे।
पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की, लेकिन शुरुआत में दोनों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। शक गहराने पर पुलिस ने उन्हें विश्वास में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उनके पास ड्रग्स होने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों की तलाशी और उनके ट्रैवल बैग की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, बैग से सफेद रंग की क्रिस्टल जैसी पाउडर बरामद हुई, जिसकी पहचान केटामाइन के रूप में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय अदनान अहमद नियाज अहमद सिद्दीकी और 29 वर्षीय सौद मुश्ताक मणियार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में एक कथित अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से इनके जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियों का दावा है कि यह नेटवर्क मुंबई से अलग-अलग मादक पदार्थ खाद्य पदार्थों में छिपाकर थाईलैंड, इंडोनेशिया, म्यांमार और मलेशिया जैसे देशों में हवाई मार्ग से भेजता था।
इस मामले में एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों और ड्रग्स की सप्लाई चेन की जांच कर रही है।
यानी मुंबई में ड्रग्स की इस बड़ी खेप की बरामदगी के बाद अब पुलिस की जांच सिर्फ दो आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इस कथित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के दूसरे कड़ियों तक पहुंचने पर भी है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।