राहुल गुप्ता
अमरावती, 30 सितंबर। अमरावती के अंजनगांव बारी मार्ग स्थित एक कॉलेज में डी. फार्म द्वितीय वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा पर उसके सहपाठी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में छात्रा के गले पर गंभीर चोट आई है। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद छात्रों और कॉलेज के चौकीदार ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सीढ़ियों पर अचानक निकाला चाकू
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को लेक्चर खत्म होने के बाद छात्रा और उसका सहपाठी कॉलेज की सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपने बैग से चाकू निकाला और छात्रा पर वार कर दिया। हमले में उसके गले पर गंभीर चोट आई।
घटना के बाद आरोपी वहां से भागने लगा। दिनदहाड़े कॉलेज परिसर में हुई वारदात से विद्यार्थियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थी और स्थानीय लोग भी कॉलेज परिसर में जमा हो गए।
छात्रों और चौकीदार ने आरोपी को पकड़ा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी नवीन बडनेरा के सिंधी कैंप का रहने वाला है। आरोपी और घायल छात्रा दोनों डी. फार्म द्वितीय वर्ष में पढ़ते हैं और पहले से एक-दूसरे को जानते थे। पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
हमले के बाद कुछ छात्रों ने आरोपी का पीछा किया। कॉलेज के गेट के पास मौजूद चौकीदार ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद कुछ विद्यार्थियों ने आरोपी के साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर बडनेरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा और फॉरेंसिक टीम भी कॉलेज पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। डीसीपी श्याम चुगे और यशयत सोलंके ने भी मौके का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रा की स्थिति की जानकारी ली।
आरोपी के बयान की भी जांच
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह परेशान रहता था और उसने दो-चार बार आत्महत्या का प्रयास भी किया था। पुलिस उसके इस दावे समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल घायल छात्रा का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हमले की वजह और दोनों के बीच चल रहे विवाद की पृष्ठभूमि का पता लगाने में जुटी है।
छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा
अमरावती में कॉलेज परिसर में छात्रा पर हमले की इस घटना के बाद छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हाल ही में रवि नगर क्षेत्र में कॉलेज जा रही एक छात्रा पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या किए जाने की घटना सामने आई थी। इसके बाद अब कॉलेज परिसर में छात्रा पर हमले की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े किए हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।