‘डिजिटल एकता, सुरक्षित भविष्य’ संदेश के साथ नवरात्रि में भी होंगे विशेष कार्यक्रम
मुंबई, 01 अक्टूबर। डिजिटल लेन-देन के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर धोखाधड़ी के मामलों में हो रही वृद्धि को देखते हुए महाराष्ट्र साइबर की ओर से 1 से 31 अक्टूबर 2026 तक राज्यभर में ‘साइबर जागरूकता माह’ मनाया जाएगा। ‘डिजिटल एकता, सुरक्षित भविष्य’ के संदेश के तहत चलने वाली इस मुहिम में नागरिकों से सीधे संवाद, साइबर अपराध पीड़ितों को सहायता, वरिष्ठ नागरिकों व विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम और सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के संबंध में मार्गदर्शन किया जाएगा। साथ ही म्यूल खातों के खिलाफ समन्वित कार्रवाई पर भी जोर रहेगा।
पुलिस अधिकारी और कर्मचारी करेंगे जनजागरूकता
मुंबई लोहमार्ग पुलिस आयुक्तालय के तहत भी पूरे महीने विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस उपायुक्त, विभागीय सहायक पुलिस उपायुक्त, सभी पुलिस थानों के अधिकारी व कर्मचारी तथा साइबर सेल के अधिकारी नागरिकों से सीधे संवाद कर उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताएंगे। 1 अक्टूबर को पुलिस उपायुक्त मध्य परिमंडल प्रज्ञा जेडगे का जागरूकता संदेश जारी किया गया। सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर साझा किया।
डिजिटल ठगी के विभिन्न तरीकों से किया जाएगा सतर्क
मुहिम के दौरान डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी और यूपीआई धोखाधड़ी, फर्जी शेयर ट्रेडिंग, ऑनलाइन ऋण ऐप, फर्जी खरीदारी वेबसाइट, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, यूटिलिटी स्पूफिंग और विवाह वेबसाइटों के जरिए होने वाली ठगी के बारे में नागरिकों को जानकारी दी जाएगी। साइबर हाइजीन के तहत मजबूत पासवर्ड, मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (एमएफए), ऐप्स को अपडेट रखने, अनावश्यक ऐप हटाने, डेटा बैकअप और गोपनीयता सेटिंग्स के संबंध में भी मार्गदर्शन किया जाएगा।
स्कूल-कॉलेज और रेलवे यात्रियों से होगा सीधा संवाद
मुंबई लोहमार्ग पुलिस की यह पहल केवल सोशल मीडिया संदेशों तक सीमित नहीं रहेगी। आयुक्तालय के कार्यक्षेत्र से जुड़े स्कूलों, कॉलेजों, रेलवे यात्रियों और यात्री संगठनों के साथ प्रत्यक्ष संवाद कर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
साइबर ठगी के पीड़ितों के मामलों पर विशेष ध्यान
साइबर धोखाधड़ी के पीड़ितों को जल्द सहायता उपलब्ध कराने के लिए मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (एमआरएम) और शिकायत निवारण तंत्र (जीआरएम) के तहत लंबित मामलों की समीक्षा कर उन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नवरात्रि में नौ दिन, नौ साइबर अपराधों पर जागरूकता
नवरात्रि के नौ दिनों के दौरान विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक दिन एक प्रमुख साइबर अपराध पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसमें डिजिटल अरेस्ट, साइडलोडेड एपीके मालवेयर, केवाईसी धोखाधड़ी, फर्जी शेयर ट्रेडिंग, ऑनलाइन ऋण ऐप, फर्जी खरीदारी वेबसाइट, बिजली-गैस सेवाओं के नाम पर ठगी, विवाह वेबसाइटों पर धोखाधड़ी और फर्जी कस्टमर केयर नंबर जैसे विषय शामिल होंगे।
31 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन
‘साइबर जागरूकता माह’ का समापन 31 अक्टूबर को सुबह 7 बजे ‘डिजिटल एकता, सुरक्षित भविष्य’ संदेश के तहत मैराथन या साइक्लोथॉन के आयोजन के साथ किया जाएगा।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें संपर्क
साइबर अपराध की घटना होने पर नागरिकों से तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की अपील की गई है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।