कट मारने के विवाद में कार सवार ने बाइक को मारी टक्कर, ICU में जिंदगी से जूझ रहा 25 साल का युवक

राहुल गुप्ता

कल्याण, 5 अक्टूबर। कल्याण के शहाड-मोहने रोड पर 30 सितंबर की शाम रोडरेज का एक गंभीर मामला सामने आया। गाड़ी को कट मारने को लेकर हुए विवाद के बाद एक स्विफ्ट डिजायर कार चालक ने कथित तौर पर बाइक सवार दीपेश कदम को टक्कर मार दी। हादसे में 25 वर्षीय दीपेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर, हाथ और पैरों में फ्रैक्चर हुआ है और वह कल्याण के मीरा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है।

घटना शहाड-मोहने रोड पर वर्धमान पार्क के सामने हुई। बताया गया कि दीपेश और कार चालक के बीच कट मारने को लेकर कहासुनी हुई थी। दीपेश ने स्पीड ब्रेकर के पास बाइक रोककर कार चालक को समझाने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान कार चालक ने तेज रफ्तार में दीपेश की ओर कार बढ़ा दी और टक्कर मारने के बाद मोहने की तरफ फरार हो गया।

परिवार ने पुलिस पर आरोपी का पक्ष लेने का लगाया आरोप

दीपेश के परिवार ने खड़कपाड़ा पुलिस पर आरोपी कार चालक का पक्ष लेने और उन्हें धमकाने का आरोप लगाया है। दीपेश की मां और भाई का दावा है कि जब वह अस्पताल में बेहोशी की हालत में था, तब पुलिस अधिकारियों ने परिवार के साथ उचित व्यवहार नहीं किया।

Advertisement

परिवार का कहना है कि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे पुलिस थाने में आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे। हालांकि, पुलिस पर लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

दीपेश एक कंपनी में काम करता है और परिवार का सहारा है। उसके 3 साल और 2 साल की 2 बेटियां हैं, जबकि 6 महीने का एक बच्चा भी है। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती दीपेश की स्थिति को लेकर परिवार चिंतित है।

पुलिस का दावा- 40 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले

परिवार के आरोपों के बाद खड़कपाड़ा पुलिस ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, रात का समय होने के बावजूद इलाके में लगे 40 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई और आरोपी कार चालक को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल पीड़ित परिवार के आरोप और पुलिस के दावे के बीच मामले की जांच जारी है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh