न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 7 अक्टूबर। लो. ति. मार्ग पुलिस ने साइबर ठगी के पैसों से महंगे मोबाइल खरीदने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 19 लाख 66 हजार 75 रुपये कीमत के 25 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय अनिसबेग समीरबेग मिर्जा और 34 वर्षीय मोईन रहीम शेख के रूप में हुई है।
क्रेडिट कार्ड बंद करने के नाम पर भेजा लिंक
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता को फोन कर खुद को आरबीएल क्रेडिट कार्ड कंपनी का कर्मचारी बताया। उसने क्रेडिट कार्ड की मेल ऑर्डर सेवा बंद करने के नाम पर शिकायतकर्ता के व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा और उसे खोलने के लिए कहा। लिंक खोलते ही आरोपी ने क्रेडिट कार्ड से तीन लेनदेन कर स्विगी पर 48,721 रुपये की खरीदारी कर ली।
तकनीकी जांच से अहमदाबाद और कुर्ला तक पहुंची पुलिस
इस मामले में लो. टि. मार्ग पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कुर्ला और अहमदाबाद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
एप्पल समेत कई कंपनियों के मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से इस मामले से जुड़े एप्पल के दो मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा अन्य मामलों में इस्तेमाल किए गए एप्पल, सैमसंग, गूगल और वीवो के 23 मोबाइल भी जब्त किए गए। कुल 25 मोबाइल की कीमत 19.66 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में साइबर अपराध प्रकटीकरण दल ने यह कार्रवाई की।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।