बॉम्बे हाईकोर्ट में एजेंसी ने कहा- सचिन वाजे ने एंटीलिया के बाहर विस्फोटक वाली एसयूवी खड़ी कराई, फिर खुद मामला सुलझाकर छवि चमकाना चाहता था
राहुल गुप्ता
मुंबई, 8 अक्टूबर। एंटीलिया बम कांड और कारोबारी मनसुख हिरेन की मौत के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में सचिन वाजे को लेकर गंभीर आरोप लगाए। एजेंसी ने दावा किया कि वाजे ने उद्योगपति मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित आवास ‘एंटीलिया’ के बाहर विस्फोटक से भरी एसयूवी इसलिए खड़ी कराई थी, ताकि बाद में वह खुद को इस मामले का खुलासा करने वाले ‘सुपर कॉप’ के रूप में पेश कर सके। एनआईए की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह ने न्यायमूर्ति जीएस कुलकर्णी और न्यायमूर्ति नीला गोखले की पीठ के सामने एजेंसी का पक्ष रखा।
नाम और छवि बचाने के लिए साजिश का दावा
एनआईए के मुताबिक, वाजे का मकसद अपनी छवि सुधारना था। एजेंसी का आरोप है कि वह चाहता था कि एंटीलिया के बाहर विस्फोटक वाली कार मिलने के बाद जांच उसके हाथ में आए और वह खुद इस मामले को सुलझाकर एक ‘सुपर कॉप’ के तौर पर सामने आए। एनआईए ने यह भी दावा किया कि इस साजिश के जरिए अंबानी परिवार के साथ-साथ समाज में भी डर का माहौल पैदा करना उद्देश्य था।
हिरेन को साजिश की जानकारी होने का डर
एनआईए ने अदालत में कहा कि एंटीलिया के बाहर खड़ी की गई एसयूवी पहले कारोबारी मनसुख हिरेन के कब्जे में थी। एजेंसी का आरोप है कि वाजे को डर था कि हिरेन उसकी साजिश का खुलासा कर सकते हैं। इसी वजह से उनकी हत्या कर दी गई। हिरेन का शव 5 मार्च 2021 को ठाणे की एक खाड़ी में मिला था। बॉम्बे हाईकोर्ट ने पिछले सप्ताह विशेष अदालत द्वारा वाजे को दी गई जमानत पर लगाई गई अंतरिम रोक बुधवार को आगे बढ़ा दी। मामले में हाईकोर्ट गुरुवार को भी सुनवाई जारी रखेगा। एनआईए ने 29 सितंबर को विशेष अदालत द्वारा वाजे को दी गई जमानत को चुनौती दी है और उसे रद्द करने की मांग की है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।