पेट्रोल पंप सील करने पहुंचे इंडियन ऑयल अधिकारी की हत्या, हरदीप पुरी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

हिंगोली में पंप पर कब्जे की कार्रवाई के दौरान मैनेजर महेश शेळके पर धारदार हथियार से 7 वार किए गए; 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

राहुल गुप्ता

हिंगोली, 8 अक्टूबर। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में पेट्रोल पंप सील करने की कार्रवाई के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इंडियन ऑयल के रिटेल सेल्स मैनेजर और फील्ड ऑफिसर महेश शेळके पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना के सिलसिले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

घटना मंगलवार को वसमत तहसील के चोंढी गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई। महेश शेळके इंडियन ऑयल की उस टीम का हिस्सा थे, जो लंबे समय से बंद पेट्रोल पंप को सील कर उसका टेकओवर करने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान पंप संचालक के परिवार और कंपनी की टीम के बीच विवाद हो गया।

एक महीने की मोहलत मांगने पर बढ़ा विवाद

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल पंप काफी समय से बंद था। संचालक के परिवार ने कंपनी अधिकारियों से पंप दोबारा शुरू करने के लिए करीब एक महीने की मोहलत मांगी थी, लेकिन कंपनी की टीम पंप को सील कर अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई पर कायम रही। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

इसी दौरान महेश शेळके पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, उन पर 7 बार चाकू से वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

हरदीप पुरी ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दुख जताते हुए इसे बेहद गंभीर और अस्वीकार्य हिंसक घटना बताया। उन्होंने कहा कि महेश शेळके ड्यूटी के दौरान हिंगोली में इंडियन ऑयल के रिटेल आउटलेट के टेकओवर की कार्रवाई में शामिल टीम का हिस्सा थे।

हरदीप पुरी ने महाराष्ट्र सरकार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक जल्द और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोलियम मंत्रालय और इंडियन ऑयल महेश शेळके के परिवार के साथ खड़े हैं और उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी।

इंडियन ऑयल के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी ने भी महेश शेळके की मौत पर दुख जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh