शिवसेना (यूबीटी) नेता की हत्या में 2 आरोपी 13 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में, साजिश के पीछे शामिल लोगों की तलाश तेज
राहुल गुप्ता
ठाणे, 9 अक्टूबर। शिवसेना (यूबीटी) के मानपाड़ा और मनोरमा नगर विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने गुरुवार को मुख्य आरोपी निखिल यादव और नितेश पवार को अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को 13 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अब जांच का फोकस हथियार की खरीद, पैसों के लेन-देन और कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों पर है।
पिस्तौल किसने मुहैया कराई, इसकी तलाश
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुंबई-गोवा मार्ग पर अर्नाला से गिरफ्तार किया था। उन पर प्रदीप पूर्णेकर को गोली मारने और चापर से हमला करने का आरोप है। इससे पहले दोनों 8 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में थे। गुरुवार को अदालत में पेशी के बाद उनकी हिरासत 13 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल, मोबाइल फोन और आरोपियों के फरार होने के लिए इस्तेमाल की गई कार जब्त की है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को महंगी पिस्तौल किसने उपलब्ध कराई और हथियार खरीदने के लिए पैसे कहां से आए।
मास्टरमाइंड और फंडिंग की पड़ताल
जांच टीम आरोपियों की आर्थिक स्थिति, बैंक खातों में हुए लेन-देन और हथियार की खरीद से जुड़े पहलुओं की छानबीन कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों ने गोलीबारी का अभ्यास कहां किया था और क्या उन्हें इस वारदात के लिए किसी ने आर्थिक मदद दी थी।
इसके साथ ही कथित मास्टरमाइंड की पहचान करने और साजिश में अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने की कोशिश जारी है। फिलहाल पुलिस की जांच पूरी नहीं हुई है और मास्टरमाइंड को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
‘भयमुक्त ठाणे’ के नाम पर सर्वदलीय मोर्चा
हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार, 9 अक्टूबर को ‘भयमुक्त ठाणे’ नाम से सर्वदलीय मोर्चा निकालने की तैयारी की गई है। महा विकास आघाड़ी की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन में कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार, मोर्चा दोपहर 4 बजे ठाणे महानगरपालिका मुख्यालय से शुरू होकर पुलिस आयुक्तालय तक जाएगा। इससे पहले प्रतिनिधियों ने पुलिस महानिदेशक से मुलाकात की थी। इस हत्याकांड को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।