ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राज ठाकरे भी मैदान में, सोमवार से हस्ताक्षर अभियान

दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर मोदी सरकार पर निशाना, प्रकाश आंबेडकर ने भी उठाए सवाल

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 10 अक्टूबर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध के समर्थन में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे भी मैदान में उतर गए हैं। उन्होंने सोमवार से ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इसकी शुरुआत मुंबई से होगी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर राज ठाकरे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विरोध की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मुद्दा उठाया

राज ठाकरे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि किसी नेता के प्रति अंधभक्ति या चापलूसी के लिए देश की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की आजादी से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों का हवाला देते हुए शांतिपूर्ण विरोध को नागरिकों का संवैधानिक अधिकार बताया।

Advertisement

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदर्शन रोकने के लिए मेट्रो और बस सेवाओं पर पाबंदियां लगाई गईं, सड़कों को बंद किया गया और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने प्रदर्शन को कवर करने वाली महिला पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार पर भी सवाल उठाए।

चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल

राज ठाकरे ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और उसकी कार्यप्रणाली पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग का समर्थन करते हुए सवाल किया कि चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने और जवाबदेही की मांग करने में क्या गलत है। उन्होंने केंद्र सरकार पर ज्ञानेश कुमार का बचाव करने का आरोप भी लगाया।

प्रकाश आंबेडकर ने भी सरकार को घेरा

वंचित बहुजन आघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने भी सरकार की कार्यशैली की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने कामकाज पर सवाल उठाने वालों की आवाज दबाना चाहती है। आंबेडकर ने कहा कि सरकार को अपनी गलतियां स्वीकार करनी चाहिए, तभी लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत रह सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि तानाशाही रवैया जारी रहने से देश में गंभीर सामाजिक और राजनीतिक तनाव पैदा हो सकता है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh