दिल्ली पुलिस की हिरासत से छूटने के बाद सीजेपी के संस्थापक हिंगोली पहुंचे, करीब 80 वर्ष की उम्र में हुआ दादी सावित्रीबाई का निधन
राहुल गुप्ता
हिंगोली, 12 अक्टूबर। दिल्ली पुलिस की हिरासत से रिहा होने के बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी पहुंचे। यहां पहुंचते ही वे सीधे श्मशान घाट गए, जहां अपनी दादी सावित्रीबाई शंकर दिपके को अंतिम विदाई देते समय भावुक नजर आए। सावित्रीबाई का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया था। उनकी उम्र करीब 80 वर्ष थी।
दादी के निधन की सूचना दिल्ली पुलिस ने दी थी
अभिजीत दिपके को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के दौरान उनकी दादी के निधन की जानकारी दिल्ली पुलिस ने दी थी। दिपके मूल रूप से छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले हैं, जबकि हिंगोली जिले का संतुक पिंपरी उनका पैतृक गांव है। उनके दादा-दादी इसी गांव में रहते थे।
सावित्रीबाई के निधन से दिपके परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
मां ने पुलिस की कार्रवाई पर जताई थी नाराजगी
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके को शनिवार को विमान से ही हिरासत में ले लिया गया था। इस कार्रवाई पर उनकी मां ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें पहले से आशंका थी कि दिल्ली जाते समय उनके बेटे को गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उन्होंने दिपके को इस बारे में आगाह भी किया था, लेकिन बेटे ने भरोसा दिलाया था कि ऐसा नहीं होगा।
दिपके की मां ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा था कि देश के लिए काम करने वाले युवाओं के खिलाफ ऐसी कार्रवाई क्यों की जा रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।