इमारत में धुआं फैलने से लोगों की जान पर बनी आफत, 6 लोग अस्पताल में भर्ती; क्रेन की मदद से 4 लोगों को बचाया गया
राहुल गुप्ता
नालासोपारा, 14 अक्टूबर। महाराष्ट्र के नालासोपारा-वसई लिंक रोड स्थित इम्पीरियल हाइट्स इमारत में आधी रात के करीब भीषण आग लगने से 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 लोगों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग इमारत की 14वीं मंजिल पर लगी थी। कुछ ही देर में धुआं फैलने से परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
मृत महिलाओं की पहचान फाल्गुनी शाह (50) और अश्विनी पारकर (50) के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
तुलिंज अस्पताल की प्रभारी डॉ. कविता जगदा के मुताबिक, आग के बाद फैले धुएं के कारण दोनों महिलाओं का दम घुटने की आशंका है। घटना के बाद आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया।
45 मिनट तक फंसे रहे 4 लोग
आग से बचने के लिए इमारत में मौजूद 4 लोगों ने बाहर की ओर बनी एक छोटी-सी जगह पर सहारा लिया, लेकिन वे वहीं फंस गए। बताया गया कि उन्हें करीब 40 से 45 मिनट तक मदद का इंतजार करना पड़ा। वहां से सुरक्षित निकलना उनके लिए मुश्किल हो रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही वसई-विरार शहर महानगरपालिका की अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। चारों लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बड़ी क्रेन की मदद ली गई। क्रेन के जरिए सभी को बाहर निकाला गया।
दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा
आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर पुलिस भी मौजूद रही। आचोले पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पूर्व महापौर रूपेश जाधव भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
आग लगने की वजह का पता नहीं
फिलहाल इम्पीरियल हाइट्स इमारत में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से संपत्ति को हुए नुकसान की जानकारी भी सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। हादसे के कारणों और अन्य तथ्यों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।