नवी मुंबई के कलंबोली में घरेलू विवाद के दौरान महिला के साथ मारपीट की गई। अस्पताल में उसे मृत घोषित किया गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
राहुल गुप्ता
नवी मुंबई, 17 अक्टूबर। नवी मुंबई के कलंबोली में पत्नी के बैंक खाते में ऑनलाइन पैसे आने को लेकर हुए विवाद के बाद पति पर उसकी हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी मनीष गोप को गिरफ्तार कर लिया है। वह डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
बैंक खाते में पैसे आने को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार, आरोपी कलंबोली के सेक्टर-4 ई स्थित जेबी कॉम्प्लेक्स में रहता है। मृतका की पहचान पिंकी मनीश गोप उर्फ सोनिया मोहम्मद अबू खातून के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह बांग्लादेशी नागरिक थी।
आरोपी को पत्नी के चरित्र पर शक था। बताया गया है कि पत्नी के बैंक खाते में अलग-अलग लोगों के खातों से ऑनलाइन पैसे आते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था।
रात में मारपीट, अगले दिन अस्पताल पहुंचा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी के चेहरे, गर्दन और छाती पर मुक्कों से वार किया। आरोप है कि उसने महिला को नोंचा और पेट पर भी हाथ-पैरों से हमला किया। इस मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
अगले दिन आरोपी पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।