चुनाव आयोग और एसआईआर पर पार्टी के रुख से असहमति जताते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता ने इस्तीफा दिया, एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में थामा शिवसेना का दामन।
राहुल गुप्ता
मुंबई, 17 अक्टूबर। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) को झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे ने प्राथमिक सदस्यता और प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद वह मुंबई में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हो गए। उनके इस फैसले से महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।
चुनाव आयोग और एसआईआर पर पार्टी के रुख से थे असहमत
आनंद दुबे ने कहा कि उन्होंने भारी मन से पार्टी छोड़ने का फैसला लिया है। पिछले कई महीनों से वह अंदर ही अंदर परेशान थे। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर शिवसेना (यूबीटी) ने जो रुख अपनाया, वह उससे सहमत नहीं थे। उन्होंने यह भी कहा कि वह सीजेपी के साथ काम नहीं कर सकते।

‘जिस ट्रेन में कॉकरोच हो, उसमें सफर नहीं करूंगा’
पार्टी छोड़ने के अपने फैसले पर आनंद दुबे ने कहा, “जिस ट्रेन में कॉकरोच हो, मैं उस ट्रेन में सफर नहीं करूंगा। जब उचित प्लेटफॉर्म मिलेगा, उस पार्टी को जॉइन करूंगा।”
उन्होंने अपने आदर्शों का जिक्र करते हुए कहा कि सरजील इमाम, उमर खालिद और ध्रुव राठी उनके आदर्श नहीं हैं। उन्होंने स्मित मच्छर, छत्रपति शिवाजी महाराज और वीर सावरकर का नाम अपने आदर्शों के तौर पर लिया।
महाविकास आघाड़ी के लिए भी अहम घटनाक्रम
आनंद दुबे के इस्तीफे को महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के लिए भी एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। एक ओर विपक्षी गठबंधन में एकजुटता बनाए रखने की कोशिशें हो रही हैं, वहीं शिवसेना (यूबीटी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता का पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।