सिगरेट और पानी की बोतल के पैसे मांगने पर विवाद बढ़ा, ठाणे रेलवे स्टेशन के पास दुकानदार के कान के करीब चाकू लगा।
राहुल गुप्ता
ठाणे, 18 अक्टूबर। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में मामूली विवाद के बाद एक दुकानदार पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। सिगरेट और पानी की बोतल के 23 रुपये मांगने पर आरोपी ने दुकानदार से गाली-गलौज की और चाकू से वार करने की कोशिश की। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में अब्दुल पिंजारी (36) को हिरासत में लिया है।
यह घटना शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे ठाणे रेलवे स्टेशन परिसर में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक के पास हुई। दुकानदार की शिकायत के आधार पर ठाणेनगर पुलिस थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
23 रुपये को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, अब्दुल पिंजारी दुकान पर आया और उसने पानी की बोतल तथा सिगरेट मांगी। दुकानदार ने दोनों चीजें देने के बाद उससे 23 रुपये मांगे। इसी बात पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि अब्दुल ने दुकानदार को धमकी देते हुए कहा कि वह उसे जान से मार देगा। इसके बाद उसने पास में मौजूद अंडा भुर्जी के स्टॉल से चाकू उठाया और दुकानदार के गले पर वार करने की कोशिश की।
हमले के बाद भागने की कोशिश
दुकानदार ने वार से बचने की कोशिश की, लेकिन चाकू उनके कान के पास लग गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए और काफी खून बहने लगा। दुकानदार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।
आरोप है कि अब्दुल चाकू घटनास्थल पर छोड़कर भागने लगा। इसी बीच एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया।
ठाणेनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।