निर्माण कार्य में लगी JCB चोरी कर आरोपी बालाघाट जिले के कटंगी तक पहुंच गए थे। क्राइम ब्रांच ने 5 आरोपियों को पकड़कर वाहन बरामद किया।
राहुल गुप्ता
नागपुर, 18 अक्टूबर। नागपुर में करीब 18 लाख रुपये की JCB चोरी के मामले में क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने 5 आरोपियों को हिरासत में लेकर चोरी का वाहन बरामद कर लिया है। आरोपी JCB लेकर मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के कटंगी तक पहुंच गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से JCB और 5 मोबाइल फोन समेत कुल 18 लाख 50 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
निर्माण कार्य में लगी JCB चोरी
जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात जगन्नाथ नगर स्थित संस्कृति सोसायटी के प्लॉट नंबर-1 पर निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली JCB खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपी करीब 18 लाख रुपये कीमत का वाहन चोरी कर ले गए। घटना के बाद बेलतरोड़ी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने चोरी हुए वाहन की तलाश शुरू की, लेकिन शुरुआती जांच में आरोपियों का सुराग नहीं मिल पा रहा था।
एमपी के बालाघाट तक पहुंच गए थे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने जांच तेज कर दी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही, मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की JCB और आरोपी मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के कटंगी में हैं।
इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम कटंगी पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने चोरी हुई JCB भी बरामद कर ली।
आगे की जांच के लिए बेलतरोड़ी पुलिस को सौंपा
मामले की जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों को JCB ले जाते हुए देखा जा सकता है। मुखबिरों से मिली जानकारी और मध्य प्रदेश पुलिस के सहयोग से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने पांचों आरोपियों और जब्त माल को आगे की जांच के लिए बेलतरोड़ी पुलिस के हवाले कर दिया है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।