बीएमसी की 400 करोड़ की जमीन 56 करोड़ में देने का आरोप, कांग्रेस ने जताई आपत्ति

मोहम्मद अशरफ आजमी ने सुधार समिति का प्रस्ताव रद्द करने की मांग की; एसीबी और बॉम्बे हाईकोर्ट जाने की चेतावनी

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 19 अक्टूबर। बीएमसी की करीब 400 करोड़ रुपये बाजार मूल्य वाली जमीन को 56 करोड़ रुपये में देने के कथित प्रस्ताव पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। बीएमसी में कांग्रेस के समूह नेता और नगरसेवक मोहम्मद अशरफ आजमी ने 22 अक्टूबर को होने वाली सुधार समिति की बैठक के एजेंडा क्रमांक 5 को रद्द करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रस्ताव से महानगरपालिका को करीब 344 करोड़ रुपये का संभावित नुकसान हो सकता है।

बीएमसी के कब्जे के बाद सोसायटी गठन का आरोप

आजमी के अनुसार, बीएमसी ने 17 जुलाई 2025 को जमीन पर कब्जा लिया था। उस समय के पंचनामा और कब्जा रिपोर्ट में जमीन पर किसी सोसायटी, इमारत या झोपड़ी के नहीं होने का दावा किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद 12 सितंबर 2025 को सोसायटी गठित की गई। उन्होंने इसके पंजीकरण और जमीन पर दावे की वैधता की जांच की मांग की है।

Advertisement

खुली ई-निविदा की मांग

आजमी ने जमीन का रेडी रेकनर मूल्य 56 करोड़ और बाजार मूल्य 400 करोड़ रुपये बताते हुए कहा कि इसे खुली निविदा या ई-नीलामी के जरिए आवंटित किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रस्ताव की कानूनी वैधता पर सवाल उठाते हुए संबंधित दस्तावेजों की जांच और कथित अतिक्रमण की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एसीबी और हाईकोर्ट जाने की चेतावनी

आजमी ने बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े से प्रस्ताव रद्द कर पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रस्ताव पारित किया गया, तो वह भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में शिकायत करेंगे और बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख करेंगे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh