टाइगर श्रॉफ पर हमले से AICWA नाराज, कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

सुची शुक्ला

मुंबई, 19 अक्टूबर। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए गोलीबारी के हमले को लेकर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। संगठन के मुताबिक, हमले में टाइगर श्रॉफ की जान भी जा सकती थी, जबकि उनके चालक को गोली लगी। एआईसीडब्ल्यूए ने राज्य सरकार से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और फिल्म जगत से जुड़े लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

एआईसीडब्ल्यूए ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि बॉलीवुड हस्तियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और इससे जानबूझकर डर का माहौल बनाया जा रहा है। संगठन ने सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर हुई गोलीबारी, सैफ अली खान पर उनके घर में हुए चाकू से हमले, रोहित शेट्टी के आवास के बाहर गोलीबारी और कपिल शर्मा के कैफे पर हुए हमलों का भी जिक्र किया। संगठन का कहना है कि इन घटनाओं से कलाकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उसने आशंका जताई कि बदमाशों का मकसद फिल्मी हस्तियों को डराकर उनसे वसूली करना है।

संगठन ने कहा कि पहले की घटनाओं में गैंगस्टरों द्वारा जिम्मेदारी लेने के बावजूद ऐसे गिरोह सक्रिय हैं। केवल बयान जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ठोस कार्रवाई की जरूरत है। एआईसीडब्ल्यूए ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आरोपियों की गिरफ्तारी, गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और कलाकारों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। साथ ही संगठन ने कहा कि मुंबई में जब फिल्म जगत की हस्तियां सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता स्वाभाविक है। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था में लोगों का भरोसा बहाल करने के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।

Advertisement

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh