दशहरे के उत्साह के बीच साकीनाका के गोदाम में लगी आग ने मचाई तबाही, चार लोग झुलसे; देर रात आग पर पाया गया काबू।
राहुल गुप्ता
मुंबई, 21 अक्टूबर। दशहरे के उत्साह के बीच मुंबई में मंगलवार को आग लगने की तीन घटनाओं से हड़कंप मच गया। इनमें साकीनाका के खैरानी रोड स्थित अब्दुल रशीद कंपाउंड में कबाड़ के एक गोदाम में लगी भीषण आग में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेजा गया है। इस घटना में चार लोग झुलस गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
खैरानी रोड स्थित गोदाम में मंगलवार शाम करीब 6.18 बजे आग लगी। आग लगते ही वहां काम करने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई मजदूरों ने सुरक्षित स्थान की ओर भागकर जान बचाई, लेकिन कुछ लोग अंदर ही फंस गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।
इस घटना में तौफिक शादिल कुरैशी (20), जाहिद अबिदुल्ला कुरैशी (20), कमाल जलालुद्दीन शाह (47) और लालचंद रामलखन गौतम (40) झुलस गए।
दमकल पहुंचने से पहले घायलों को अस्पताल ले गए स्थानीय लोग
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों को राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद दमकल विभाग, पुलिस, एंबुलेंस सेवा और अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने शाम करीब 6.37 बजे इसे भीषण श्रेणी की आग घोषित किया।
इसी दौरान दमकल कर्मियों को दो अन्य लोगों के आग में झुलसने की जानकारी मिली। घटनास्थल से दो अज्ञात लोगों के जले हुए शव बरामद किए गए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेज दिया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार, तौफिक कुरैशी करीब 80 प्रतिशत झुलस गया है। जाहिद कुरैशी और कमाल शाह लगभग 40-40 प्रतिशत, जबकि लालचंद गौतम 10 प्रतिशत तक झुलसे हैं। चारों का इलाज जारी है। आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
60 से 70 दुकानों और चालियों को नुकसान
आग करीब 4,000 × 4,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैल गई। इसकी चपेट में लगभग 60 से 70 व्यावसायिक दुकानें और चालियां आ गईं। आग में बिजली के तार, विद्युत उपकरण, कपड़ों का भंडार, प्लास्टिक ग्रैन्यूल्स, कबाड़, लकड़ी का फर्नीचर, खाली एयरोसोल कंटेनर, एलपीजी सिलेंडर और विभिन्न मशीनें जलकर नष्ट हो गईं।
इसके अलावा एमएस शटर, दरवाजे, खिड़कियां, जीआई शीट, एसी शीट, स्टील फ्रेम और सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहन तथा एक टेम्पो भी आग की चपेट में आ गए।
दमकल विभाग के जवानों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद रात करीब 12.30 बजे आग पर काबू पाया। आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।