स्कूटी को टक्कर मारने के बाद छात्रों को कुचला,कार चालक फरार, मालिक हिरासत में
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 23 अक्टूबर। महाराष्ट्र के पुणे जिले की खेड़ तहसील में कुरकुंडी जंक्शन के पास शुक्रवार को एक अनियंत्रित कार ने बस स्टैंड पर एसटी बस का इंतजार कर रहे छात्रों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों में पांच छात्र-छात्राएं और स्कूटी पर सवार दो युवक शामिल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्कूटी को टक्कर मारने के बाद छात्रों को कुचला
पुलिस के अनुसार, कार चालक राजगुरुनगर से पाइंट की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुरकुंडी एसटी बस स्टैंड के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और उसने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। इसके बाद कार बस का इंतजार कर रहे छात्र-छात्राओं को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में छात्रा की मौत, छह अन्य घायल
इस दुर्घटना में कुरकुंडी निवासी अदिति नवनाथ राले (19) की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में संजना सुधीर राले (19), वैष्णवी चंद्रकांत भोकसे (19), संघानी नीलेश भोकसे (19), वैष्णवी संतोष जाधव (20) और गायत्री विप्लव कोलेकर (19) शामिल हैं।
इसके अलावा, स्कूटी पर सवार कडूस निवासी रोहन गरगोटे और ओमकार नेहरे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का नजदीकी अस्पताल में उपचार जारी है।
कार चालक फरार, मालिक हिरासत में
हादसे के बाद कार चालक प्रमोद वसंत चाटे (32), निवासी आलंदी, मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार मालिक विकास हीरामन कराड, निवासी आलंदी, को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।