भाईंदर, 29 सितंबर। महाराष्ट्र के 265 तहसीलों में सूखे की स्थिति के बीच मीरा-भाईंदर से किसानों की सहायता के लिए पहल की गई है। भाजपा विद्यार्थी सेल के जिलाध्यक्ष और युवा उद्यमी टक्शील मेहता ने किसानों की मदद के लिए 11 लाख रुपये की सहायता राशि दी है। उन्होंने शहर के नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और विभिन्न व्यावसायिक संगठनों से भी इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
किसान परिवारों की मदद को बताया सामूहिक जिम्मेदारी
मीरा रोड स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में टक्शील मेहता ने कहा कि किसान पर संकट आने का असर केवल उसके परिवार या क्षेत्र तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे राज्य पर पड़ता है। सूखी फसल के साथ किसानों के बच्चों की शिक्षा और पशुधन की देखभाल भी प्रभावित होती है। ऐसे समय में किसान परिवारों की मदद करना सरकार के साथ समाज की भी जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि महापौर ने अपनी निधि से एक करोड़ रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का निर्णय लिया है। इसी से प्रेरणा लेकर भाजपा विद्यार्थी सेल की ओर से भी महापौर राहत कोष के माध्यम से सहयोग अभियान शुरू किया गया है।
कंपनी की ओर से 11 लाख रुपये का सहयोग
अभियान के प्रथम सहयोगी के रूप में टक्शील मेहता ने अपनी कंपनी ट्राइटोनिया बिल्डकॉन इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 11 लाख रुपये महापौर राहत कोष में दिए। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को किसानों की मदद के लिए आगे लाने का प्रयास है।
प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे करेगी टीम
टक्शील मेहता के अनुसार, एकत्रित निधि का उपयोग जरूरत के आधार पर किया जाएगा। उनकी टीम प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का सर्वे करेगी। जरूरत के अनुसार खेतों में बोरवेल, पशुओं के लिए चारा, अनाज और कपड़ों की व्यवस्था तथा विद्यार्थियों की फीस भरने सहित अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
265 तहसीलों में सूखे की स्थिति
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य की 265 तहसीलों में सूखा घोषित कर ट्रिगर-1 लागू किया है। इसके तहत किसानों को कर्जमाफी, बिजली पंप के बिल में राहत, पशुधन सहायता और बच्चों की स्कूल फीस में छूट सहित विभिन्न राहत उपायों का लाभ मिलने की बात कही गई है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।