17 सितंबर को लालबाग बिल्डिंग नंबर 3 में अचानक बिगड़ी तबीयत, गणेश उत्सव मंडल के पदाधिकारियों ने एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, इलाज के दौरान हुई मौत
राहुल गुप्ता
मुंबई, 19 सितंबर।
मुंबई के लालबाग इलाके में 25 वर्षीय युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान पुणे के बावधन निवासी जयदीप मेघराज नेमाडे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को जयदीप लालबाग बिल्डिंग नंबर 3 में अपने दोस्तों के साथ बैठे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
जयदीप की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही लालबाग गणेश उत्सव मंडल के पदाधिकारियों ने उन्हें एंबुलेंस से ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, जयदीप की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई। इस मामले में काळाचौकी पुलिस थाने में एडीआर नंबर 63/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से फिलहाल किसी तरह की शिकायत या संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।
कम उम्र में भी बढ़ रहे हार्ट से जुड़े मामले
कुछ दशक पहले तक हृदय संबंधी बीमारियों को मुख्य रूप से उम्रदराज लोगों से जोड़कर देखा जाता था। हालांकि, कम उम्र के लोगों में भी हार्ट अटैक और हृदय संबंधी समस्याओं के मामले सामने आ रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, हृदय को स्वस्थ रखने के लिए जीवनशैली और खान-पान पर ध्यान देना जरूरी है।
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये तरीके
- शराब और धूम्रपान से बचें।
- डाइट में पोषण से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करें।
- नॉन-वेज की तुलना में प्लांट बेस्ड डाइट को अधिक प्राथमिकता दें।
- सक्रिय रहें और नियमित व्यायाम की आदत डालें।
- वजन को नियंत्रित रखें।
- कोलेस्ट्रॉल, डायबिटीज और ब्लड प्रेशर की समस्या होने पर नियमित जांच कराएं।
- तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं को गंभीरता से लें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लें।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।