न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 3 सितंबर।
मुंबई के बांद्रा से रंगदारी और धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने एक बिल्डर से कथित तौर पर 11 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर बिल्डर को जान से मारने और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, मामला बांद्रा वेस्ट के पेरेरा रोड स्थित एक प्रॉपर्टी के पुनर्विकास से जुड़ा है। आरोप है कि आरोपियों ने बिल्डर पर दबाव बनाते हुए पहले 32 करोड़ रुपये की मांग की थी। बाद में कथित तौर पर यह रकम घटाकर 11 करोड़ रुपये पर सौदा तय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 11 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी की पहली किस्त के तौर पर 25 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी। 1 सितंबर को इसी रकम को लेने के लिए आरोपी बांद्रा स्थित डेवलपर के ऑफिस पहुंचे। पहले से तैयार एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने मौके पर जाल बिछाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में एथेल और डैनियल, नसीर शेख, अब्दुल्ला खान और रेमी फर्नांडीस को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन आरोपियों को कथित तौर पर 25 लाख रुपये की पहली किस्त लेने के दौरान मौके से पकड़ा गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को बाद में गिरफ्तार किया गया।
मामले की FIR में कुल आठ लोगों के नाम दर्ज होने की बात सामने आई है। FIR में अन्य लोगों का भी जिक्र है। इनमें राजविंदर सिंह का नाम भी सामने आया है, जिसका कथित तौर पर चेंबूर में छोटा राजन गैंग से संबंध होने का उल्लेख किया गया है।
फिलहाल क्राइम ब्रांच पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित रंगदारी की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।