दिवाली के बाद हवाई किरायों में लगी आग, नागपुर से टिकट 17 हजार रुपये के पार

नागपुर से पुणे, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों पर महंगाई की मार; सामान्य किराये से दो से तीन गुना तक वसूली, 10 से 15 नवंबर के बीच बढ़े दाम

न्यूज़म ब्यूरो

नागपुर,10 नवंबर। दिवाली का त्योहार मनाने के बाद काम पर लौटने वाले हवाई यात्रियों की जेब पर एयरलाइंस कंपनियों ने भारी बोझ डाल दिया है। त्योहार के बाद बढ़ी यात्रियों की मांग का फायदा उठाते हुए विमान कंपनियों ने किरायों में दो से तीन गुना तक बढ़ोतरी कर दी है। नागपुर से पुणे, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को 10 से 15 नवंबर के बीच हवाई टिकट के लिए 11 हजार से लेकर 17,779 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। इससे नौकरीपेशा युवाओं और दूसरे शहरों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

त्योहार के बाद बढ़ी यात्रियों की भीड़

दिवाली पर बड़ी संख्या में दूसरे शहरों में काम करने वाले लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने नागपुर पहुंचते हैं। इनमें आईटी कंपनियों में काम करने वाले युवा भी शामिल हैं, जो छुट्टियां खत्म होने के बाद पुणे, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु लौटते हैं। इसी दौरान विमानों की सीटों की मांग बढ़ जाती है। एयरलाइंस कंपनियां इस स्थिति का फायदा उठाकर टिकटों के दाम बढ़ा देती हैं। मजबूरी में यात्रियों को महंगे टिकट खरीदने पड़ते हैं।

Advertisement

17 हजार रुपये तक पहुंचा किराया

किराये में बढ़ोतरी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नागपुर से बेंगलुरु का टिकट 10 नवंबर को 11,015 से 12,000 रुपये के बीच उपलब्ध है। वहीं 14 नवंबर को यही किराया 15,000 से 15,827 रुपये और 15 नवंबर को बढ़कर 17,000 से 17,779 रुपये तक पहुंच गया है। इसी तरह नागपुर से पुणे का किराया 10 नवंबर को 10,843 रुपये, 13 नवंबर को 15,164 रुपये और 15 नवंबर को 15,673 रुपये तक पहुंच गया है। नागपुर से हैदराबाद के लिए 14 नवंबर को 13,395 रुपये और 15 नवंबर को करीब 13,500 रुपये किराया दिखाया जा रहा है।

सीजनल डिमांड बताकर बढ़ाते हैं दाम

यात्रियों की शिकायत है कि त्योहारों के दौरान एयरलाइंस कंपनियां सामान्य किराये से दो से तीन गुना तक रकम वसूलती हैं। जब इस मनमानी पर सवाल उठाए जाते हैं तो कंपनियां इसे सीजनल डिमांड बताकर अपना बचाव करती हैं। अलग-अलग एयरलाइंस की वेबसाइट पर एक ही रूट के लिए अलग-अलग किराये दिखाई देते हैं। सीटों की उपलब्धता कम होने के साथ ही टिकटों के दाम भी बढ़ते जाते हैं। कुछ कंपनियां क्रेडिट कार्ड पर छूट और विशेष ऑफर देने का दावा करती हैं, लेकिन बढ़े हुए मूल किराये के कारण यात्रियों को इनका खास लाभ नहीं मिल पाता।

मंत्री की अपील का भी असर नहीं

नागर विमानन मंत्री ने विमान कंपनियों से त्योहारों के दौरान हवाई किराया उचित रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की अपील की थी। इसके बावजूद किरायों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ऐसे में त्योहार के बाद काम पर लौटने वाले नौकरीपेशा लोगों के लिए हवाई सफर महंगा सौदा साबित हो रहा है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh